लखनऊ,ब्यूरो:राज प्रताप सिंह
केजीएमयू में बुधवार को डेढ़ घंटे बिजली गुल हो गई। इसकी वजह से ओपीडी मरीजों को खासी दुश्वारियां झेलनी पड़ी। पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी जांचें प्रभावित रही। कम्प्यूटर से ओपीडी पर्चे बनने का काम ठप हो गया। मरीजों के हंगामे के बाद हाथ से पर्चे बनाने काम शुरू हुआ।
केजीएमयू की न्यू ओपीडी में सुबह करीब साढे 10 बजे केबल में खराबी आ गई। इसकी वजह से बत्ती गुल हो गई। ओपीडी में हजारों की संख्या में मौजूद थे। इसी दौरान सर्वर ने भी धोखा दे दिया। सर्वर ठप हो गया। बलरामपुर, लोहिया और सिविल अस्पताल में भी सर्वर ने काम करना बंद कर दिया। तमाम मरीज ओपीडी पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लगे थे। वहीं सैकड़ों मरीज जांच रिपोर्ट के लिए लाइन में लगे थे। बिजली गुल होने से पूरा कामकाज ठप हो गया। काफी देर बाद भी जब बिजली नहीं आई तो मरीज नाराज हो गए। हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद ओपीडी का पर्चा हाथ से बनाने का काम शुरू हुआ। दोपहर करीब 12 बजे तक ओपीडी में अल्ट्रासाउंड, सिटी स्कैन समेत अन्य जांच के लिए मरीजों को इंतजार करना पड़ा। काफी देर बाद कर्मचारियों ने जनरेटर चालू कराया। पर, बड़ी मशीनों का संचालन नहीं हो पाया।