डेस्क : रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री उपेन्द्र कुशवाहा ने प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि अगर बच्चों को समय पर किताबें नहीं मिलती तो वह सीधे एनसीईआरटी के पोर्टल से ऑडर कर सकते हैं। भुगतान भी ऑनलाइन ही करना होगा। उसके बाद किताबें उनके घर पहुंच जाएंगी। इसके लिए एनसीईआरटी ने एक पोर्टल जारी किया है। स्कूल भी इसका लाभ ले सकते हैं।
शनिवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस उन्होंने कहा कि सरकार में रहकर तो शिक्षा में सुधार के लिए काम कर ही रहे हैं, उनकी पार्टी ने भी लोगों को जागरूक करने के लिए 15 अक्टूबर को गांधी मैदान में शिक्षा सुधार संकल्प महासम्मेलन बुलाया है।
राज्य के हर जिले में भी सम्मेलन किए गए। लोगों में बहुत उत्साह है। काफी लोग गांधी मैदान के सम्मेलन में आएंगे। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि केन्द्र के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी शिक्षा को गंभीरता से लिया है। उन्होंने शिक्षक बहाली की प्रक्रिया में बदलाव का संकेत दिया है, तो मीड डे मील की व्यवस्था भी अलग करने का प्रयास हो रहा है। निजी स्कूलों पर नजर रखने के लिए सरकार को एक रेगुलेटरी बनानी चाहिए। गरीबों को सभी योजनाओं का लाभ तभी मिलेगा जब शिक्षा का प्रसार होगा।