पटना : ईद का चांद रविवार की शाम को दिख गया । लोगों ने ईद के चांद का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। चांद के दीदार के साथ ही आज ईद मनाई जा रही है। मुख्य कार्यक्रम पटना के गांधी मैदान में आयोजित किया गया है, जहां हजारों अकीदतमंदों ने एक साथ ईद की नमाज अता की और अमन चैन की दुआ की।
गांधी मैदान में ईद की नमाज अदा की गई , इस मौके पर लोगों को एक दूसरे को ईद की बधाई दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी गांधी मैदान पहुंचे और लोगों से मिलकर ईद की बधाई दी। शिक्षामंत्री सह बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने भी प्रदेशवासियों को ईद की शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज 11 बजे फुलवारीशरीफ के खानकाह-ए-मुजिबिया और 12.55 बजे अंजुमन इस्लामिया हॉल में ईद के कार्यक्रम में शामिल हुए।
खानकाह-ए-मुजिबिया व बिहार झारखंड व ओडिसा के सबसे बड़ा एदारा इमारत-ए-शरिया समेत विभिन्न मुस्लिम एदारो ने रविवार को ईद का चांद देखने का ऐलान किया। इसके दिखने के साथ ही सोमवार को पूरे देश में ईद मनाई जा रही है।
इमारत-ए-शरिया के नाजिम अनुसुर्रर रहमान, इमारत-ए-शरिया के काजी मौलाना अब्दुल जलील कासमी व खानकाह-ए-मुजिबिया के प्रबंधक हजरत मौलाना सैयद मो. मिन्हाजउद्दीन कादरी ने इसकी घोषणा की। सोमवार को राजधानी समेत पूरे देश में ईद मनायी जा रही है।
वहीं शिया रूयते हेलाल कमेटी के अध्यक्ष असद रजा, एदारा ए शरिया के नाजिम मौलाना गुलाम रसूल बलियावी ने भी ईद के चांद दिखने का ऐलान किया। लोगों ने एक दूसरे को ईद का चांद देखने की मुबारकवाद दी।
प्रधानमंत्री ने ईद पर देशवासियों को बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सभी को ईद उल फितर की बधाई दी और कहा कि ऐसे पवित्र पर्व से खुशियां फैलाने और राष्ट्र को आगे ले जाने की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत की विविधता ही उसकी विशेषता और ताकत है।