Breaking News

24 अप्रैल 2023 को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

दरभंगा :- जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत)-सह-जिलाधिकारी राजीव रौशन द्वारा सभी निर्वाची पदाधिकारी (पंचायत)-सह-प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, दरभंगा जिला को पत्र निर्गत करते हुए कहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार, पटना द्वारा पंचायत आम निर्वाचन-2021 के पश्चात कतिपय कारणों यथा – मृत्यु, त्याग-पत्र एवं बिहार पंचायत राज अधिनियम, 2006 (यथा संशोधित) की धारा 136 (1) के प्रावधानों के तहत निरर्हित किए जाने या अन्य कारणों से 15 दिसम्बर 2022 तक रिक्त हुए पदों पर उप निर्वाचन कराये जाने के उद्देश्य से फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार किये जाने का दिशा-निर्देश संसूचित किया गया है।
उक्त के आलोक में उन्होंने कहा कि निर्देशानुसार 01.01.2023 की अहर्ता तिथि के आधार पर 17 जनवरी 2023 को बिहार विधानसभा का अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची के आधार पर ही पंचायत उप निर्वाचन-2023 के लिए मतदाता सूची तैयार किया जाना है।
तदनुसार उन्होंने कहा कि पंचायत उप निर्वाचन हेतु फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार करने के लिए निम्न प्रकार से कार्यक्रम निर्धारित किया गया है :-
उन्होंने कहा कि 13 मार्च से 19 मार्च 2023 तक अहर्ता तिथि 01 जनवरी 2023 के आधार पर बिहार विधानसभा का अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची का प्रपत्र – क में वार्डवार विखंडन किया जाएगा।
20 मार्च 2023 से 24 मार्च 2023 तक प्रपत्र – क के अनुसार डाटा बेस की तैयारी एवं प्रारूप मतदाता सूची को सॉफ्टवेयर में प्रविष्टि की जाएगी।
वहीं 25 मार्च 2023 से 27 मार्च 2023 तक प्रारूप मतदाता सूची का पी.डी.एफ तैयार किया जाएगा एवं प्रारूप मतदाता सूची का मुद्रण करवाया जाएगा।
इसके साथ ही 28 मार्च 2023 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। वहीं 28 मार्च से 10 अप्रैल 2023 तक प्रारूप प्रकाशन की अवधि निर्धारित की गई।
उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2023 से 17 अप्रैल 2023 तक प्राप्त दावा, आपत्ति का निराकरण एवं तद्नुसार सॉफ्टवेयर में प्रविष्टि की जाएगी। इसके साथ ही 18 अप्रैल 2023 से 23 अप्रैल 2023 तक मतदाता सूची का पी.डी.एफ तैयार किया जाएगा एवं अंतिम मतदाता सूची का मुद्रण करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 24 अप्रैल 2023 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन करवाया जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित  पदाधिकारी को निर्देश दिया कि राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार द्वारा दिये गये निर्देश के आलोक में रिक्त पदों पर पंचायत उप निर्वाचन हेतु पत्र में वर्णित निर्देश के आलोक में फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयारी हेतु समय आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि दरभंगा जिला में ग्राम पंचायत मुखिया के एक रिक्त पद पर पंचायत उप निर्वाचन कराया जाना है। वहीं ग्राम कचहरी सरपंच के एक पद पर, ग्राम पंचायत सदस्य के सत्रह पद पर  एवं ग्राम कचहरी पंच के 114 रिक्त पद कुल – 133 पदों पर उप निर्वाचन करवाया जाएगा।

Check Also

RAJESHWAR RANA

ऑस्कर अवॉर्ड :: राजेश्वर राणा ने ‘आरआरआर’ और शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री की टीम को दी बधाई

पहली बार भारत ने दो ऑस्कर अवॉर्ड जीते हैं दरभंगा। बिहार प्रदेश युवा जदयू के …