यूपी :युवती से छेड़छाड़ के बाद जिंदा जलाने के प्रकरण में एसओ तम्बौर निलम्बित, एक आरोपी गिरफ्तार
(राज प्रताप सिंह) – सीतापुर।सीतापुर जिले में विवाहिता को छेड़छाड़ के बाद जिंदा जलाए जाने के मामले में आईजी रेंज लखनऊ सुजीत पाण्डे ने तम्बौर एसओ को निलम्बित करते हुए जांच बिठा दी है। रविवार को वे सीतापुर जिला अस्पताल पहुंचे और पीडि़ता से हाल जाना। पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी को आवश्यक निर्देश भी कार्रवाई को लेकर दिए गए। आईजी ने बताया है कि लापरवाही के मामले में एसओ तम्बौर ओपी सरोज को निलम्बित कर दिया गया है। गम्भीर प्रकरण में सीओ बिसवां भी जांच के दायरे में आए हैं। एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष दूसरे का पकड़ा जाना बाकी रह गया है।
छेड़छाड़ की शिकायत करने पर युवती पर मिट्टी तेल डाल लगा दी आग, हालत गंभीर
बता दें कि तम्बौर थानाक्षेत्र के एक गांव में विवाहिता से गुरुवार को छेड़छाड़ हुई। इसकी शिकायत थाना और सीओ बिसवां से की गई लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी से मनबढ़ होकर दो सगे भाई रामू और राजेश ने शनिवार सुबह करीब दस बजे गांव के बाहर विवाहिता को गन्ने के खेत में घसीटकर आग के हवाले कर दिया। गंभीर अवस्था में मायके आई 20 वर्षीय विवाहिता को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया था। तूल पकड़ते मामले को डीजीपी ने संज्ञान लिया।
इसी के बाद आईजी रेंज लखनऊ सुजीत पाण्डे करीब साढ़े ग्यारह बजे जिला अस्पताल पहुंचे। तम्बौर इलाके के गांव की रहने वाली झुलसी विवाहिता से घटना की पूरी जानकारी ली। मौके पर ही पुलिस कप्तान प्रभाकर चौधरी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसी के बाद वे तम्बौर भी गए। बताया कि प्रथम दृष्टया की गई जांच में पता चला है कि वारदात की पुनरावृत्ति आरोपितों ने आग लगाकर की है।
कार्रवाई न कर लापरवाही बरतने के मामले में तम्बौर थानाध्यक्ष को निलम्बित कर दिया गया है। चूंकि पीडि़त पक्ष का यह भी कहना है कि उसने सीओ बिसवां को भी प्रार्थना पत्र दिया था। इसलिए वे भी जांच के दायरे में आए हैं। आरोपित राजेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।