संघ की तरफ से कुछ मंत्रियों के कामकाज पर सवाल उठाए गए।वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ की तरफ से भी कुछ मंत्रियों की कार्यप्रणाली पर असंतोष जाहिर किया गया।
राज प्रताप सिंह,ब्यूरो लखनऊ
उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के पहले मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर लखनऊ के सत्ता के गलियारे में चर्चाएं तेज हो गई हैं।इस बीच मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिल्ली में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शीर्ष नेतृत्व से बैठक और लखनऊ में संघ की समन्वय बैठक के बाद पता चला है कि यूपी के कुछ मंत्रियों की छुट्टी तय हो गई है।यही नहीं संघ की तरफ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मिशन 2019 का यूपी में नेतृत्व करने की भी पूरी छूट दे दी गई है।
इस बैठक में संघ की तरफ से कुछ मंत्रियों के कामकाज और आचार-विचार पर सवाल उठाए गए। वहीं खुद सीएम योगी की तरफ से भी कुछ मंत्रियों की कार्यप्रणाली पर असंतोष जाहिर किया गया। पता चला है कि संघ ने इस फेरबदल को मंजूरी दे दी है।वहीं संघ की तरफ से मुख्यमंत्री योगी को भी हिदायत दी गई है कि सरकार के काम में तेजी जमीन पर दिखनी चाहिए।
इस दौरान बीजेपी के खिलाफ यूपी में सपा,बसपा और दूसरी पार्टियों के गठबंधन की गुंजाइशों और जमीनी पकड़ पर भी गहन चर्चा की गई।इसके साथ ही सरकार और संगठन के बीच समन्वय पर भी गहन चर्चा हुई।
सूत्रों के मुताबिक, संघ की तरफ से मुख्यमंत्री योगी को 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और इसके लिए खुलकर निर्णय लेने का निर्देश दिया गया है।
सूत्रों ने साथ ही बताया कि संघ की तरफ से योगी सरकार को हिंदुत्व के एजेंडे पर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।इसमें सबसे ज्यादा फोकस दलितों और पिछड़ी जातियों पर होना चाहिए।मंत्रियों के फेरबदल से लेकर इस वर्ग को तमाम योजनाओं में विशेष तौर पर तरजीह दी जाए।यही नहीं 2019 लोकसभा चुनाव से पहले होने वाले प्रयाग कुंभ को भी इस एजेंडे में शामिल किया जाए।कुंभ को लेकर विश्वस्तरीय विकास कार्य कराया जाए।यही नहीं प्रदेश के हर गांव से लोगों को कुंभ तक लाने की योजना बनाई जाए।
दरअसल मंगलवार का पूरा दिन संघ और यूपी सरकार व बीजेपी के बीच बैठकों के ही नाम रहा।एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत और संघ के अन्य प्रमुख नेताओं से मुलाकात की, तो दूसरी तरफ 2019 के लोकसभा चुनावों को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय बैठक लखनऊ के निरालानगर स्थित सरस्वती कुंज में हुई। इस बैठक में आरएसएस के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने बीजेपी और दूसरे अनुषांगिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों के साथ बैठक की।इस बैठक में काशी, गोरखपुर, कानपुर-बुंदेलखंड, अवध प्रांत के पदाधिकारी और संगठन मंत्रियों ने भी हिस्सा लिया। इस बैठक में देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे और बैठक के विषयों को लेकर दत्तात्रेय होसबोले से मंत्रणा की।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !