हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां सिखेड़ा गांव में रहने वाले एक मौलाना पर आरोप है कि उसने पड़ोस की 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ कई बार दुष्कर्म किया, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई और हाल ही में उसने एक बच्ची को जन्म दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक सिखेड़ा में मौलाना इस्लाम पुत्र मकसूद रह रहा था। उसके घर के पास ही अमरोहा का एक मजदूर परिवार किराये पर रहता है। आरोप है कि मौलाना ने मौका पाकर मजदूर की नाबालिग बेटी को अपनी हवस का शिकार बना लिया। पहली घटना के बाद आरोपी ने बच्ची को धमकाया, जिससे वह डर गई और उसने किसी को कुछ नहीं बताया।
परिजनों के अनुसार आरोपी ने इसी डर का फायदा उठाते हुए समय-समय पर बच्ची के साथ गलत काम किया। नाबालिग मानसिक दबाव में रही और किसी से अपनी पीड़ा साझा नहीं कर सकी। धीरे-धीरे वह गर्भवती हो गई, लेकिन कम उम्र और डर के कारण परिवार को कुछ समझ नहीं आया।
करीब चार दिन पहले बच्ची के पेट में तेज दर्द उठा। 14 फरवरी की शाम घर पर ही उसकी डिलीवरी हो गई और उसने एक बच्ची को जन्म दिया। यह देख परिवार सकते में आ गया। जब घरवालों ने सख्ती से पूछा तो नाबालिग फूट-फूट कर रो पड़ी और उसने पड़ोसी मौलाना की करतूत उजागर कर दी।
इसके बाद परिजन तुरंत पिलखुवा थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया और आरोपी मौलाना इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है।
घटना के बाद सिखेड़ा और आसपास के इलाकों में लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। स्थानीय नागरिकों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी सजा की मांग की है। वहीं प्रशासन ने पीड़िता के स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति को देखते हुए मेडिकल जांच और काउंसलिंग की व्यवस्था कराई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी सबूत जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषी को कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाई जाएगी। साथ ही परिवार को हर संभव मदद देने की बात भी कही गई है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !