अयोध्या में राम मंदिर बनाने से कोई नहीं रोक सकता: योगी आदित्यनाथ
राज प्रताप सिंह(उत्तर-प्रदेश राज्य प्रमुख)
लखनऊ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजस्थान में चुनावी प्रचार के दौरान जहां कांग्रेस को आड़े हाथों लिया, वहीं यह भी कहा कि हिंदुओं के इस देश में राम मंदिर बनाने से कोई नहीं रोक सकता। योगी आदित्य नाथ ने अजमेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में चुनावी सभाएं कीं।
योगी आदित्यनाथ ने अजमेर जिले की मसूदा विधानसभा क्षेत्र के विजयनगर में कहा कि राम मंदिर राष्ट्र का मंदिर होगा और यह देश की आन बान शान का मंदिर होगा।
कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस आदत से मजबूर है। वह हिंदू और मुसलमान को बांटना चाहती है। कांग्रेस हमारे सैनिकों की शहादत का अपमान करती है और नक्सलवादियों को क्रांतिकारी कहकर उन्हें सम्मानित करती है। कांग्रेस ने सदैव अराजकता, आतंकवाद, नक्सलवाद व भ्रष्टाचार को फैलाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कारण देश की तरक्की रुकेगी, जबकि भाजपा सबका साथ सबका विकास के ध्येय वाक्य के साथ बिना भेदभाव के काम कर रही है। राहुल गांधी पर निशाने साधते हुए कहा कि वे जानते हैं कि सत्ता में आ नहीं सकते तो कुछ भी बोल लो लेकिन देश और प्रदेश की जनता समझदार है। भीलवाड़ा जिले के आसींद में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सरकार विकास के कामों को आगे बढ़ा रही है।
कांग्रेस में विकास की सोच ही नहीं
योगी आदित्यनाथ ने सवाल किया कि आखिर कांग्रेस 50-55 सालों तक देश में क्या करती रही? प्रधानमंत्री ने आठ करोड़ माताओं को रसोई गैस का सिलेंडर मुफ्त में दिया। ये वही आठ करोड़ परिवार हैं, जिन्होंने कभी रसोई गैस की शक्ल तक नहीं देखी थी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के उन दो करोड़ परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान देने का काम कर हैं, जिनके पास सिर ढकने के लिए छत नहीं थी। उन चार करोड़ परिवारों को बिजली कनेक्शन देने का काम केंद्र व राज्य सरकार ने किया, जो अंधेरे में रह रहे थे। ये सारे काम कांग्रेस भी कर सकती थी, लेकिन कांग्रेस में विकास की सोच नहीं है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !
