दरभंगा। स्वर्णिम टाइम्स पर “दरभंगा शहर में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ का मामला, लहेरियासराय थाना कांड संख्या 529/26 में 3 हफ्ते बाद भी गिरफ्तारी नहीं” शीर्षक से प्रसारित खबर का असर सामने आया है। दरभंगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दर्ज प्राथमिकी के जांचोपरांत छेड़खानी के मामले का खंडन किया है और इसे मारपीट का मामला बताते हुए नामजद आरोपियों के विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की है।

खबर प्रसारित होने के 24 घंटे के भीतर दरभंगा पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी कर उक्त मामले में की गई कार्रवाई को सार्वजनिक किया है।
बता दें कि लहेरियासराय थाना क्षेत्र में पूर्व में घटित दो घटनाओं को लेकर प्रसारित खबरों के संबंध में दरभंगा पुलिस ने स्पष्टीकरण जारी किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में दर्ज प्राथमिकी एवं अनुसंधान की वास्तविक स्थिति प्रसारित खबर में दी गई सूचनाओं से अलग है।
कांड संख्या 529/26 में पांच नामजद आरोपितों पर कार्रवाई
लहेरियासराय थाना कांड संख्या-529/26 के वादी द्वारा गाली-गलौज, मारपीट एवं छेड़खानी करने के आरोप में पांच नामजद प्राथमिक अभियुक्तों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
पुलिस के अनुसार, मामले के अनुसंधानकर्ता द्वारा प्राथमिक अभियुक्तों को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस का तामिला कराते हुए विधिवत बंध पत्र पर मुक्त किया गया है।
दरभंगा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एक पक्ष के द्वारा मामले को गंभीर बनाने के उद्देश्य से मारपीट एवं छेड़खानी का आरोप लगाते हुए कांड दर्ज कराया गया है, जबकि घटना केवल मारपीट की है।

वहीं लहेरियासराय थाना कांड संख्या 523/26 में तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वहीं लहेरियासराय थाना कांड संख्या-523/26 के वादी द्वारा पूर्व के विवाद को लेकर चार नामजद प्राथमिक अभियुक्तों के विरुद्ध मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी करने के आरोप में कांड दर्ज कराया गया था।
मामले के अनुसंधान के क्रम में चार नामजद प्राथमिक अभियुक्तों में से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
दरभंगा पुलिस ने प्रसारित खबरों के संबंध में वास्तविक तथ्यों को स्पष्ट करते हुए यह प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। पुलिस ने दोनों मामलों में अब तक हुई कार्रवाई एवं अनुसंधान की स्थिति से संबंधित जानकारी सार्वजनिक की है।

स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !