उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में एक मामूली घरेलू विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। शिवपुर थाना क्षेत्र के हटिया गांव में शनिवार दोपहर छत पर कपड़े सुखाने को लेकर हुए झगड़े के दौरान दो महिलाएं छत से नीचे गिर पड़ीं। इस हादसे में 22 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।

छत पर कपड़ा फैलाने को लेकर अक्सर होता था विवाद
मृतका की पहचान ज्योति प्रजापति (22) के रूप में हुई है। उसके पति तेज बहादुर, जो पेशे से राज मिस्त्री हैं, ने बताया कि वह अपनी पत्नी ज्योति, दो साल की बेटी दीपाली और दो माह की बेटी लक्ष्मी के साथ मुर्दहा बाजार क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे। उसी मकान में समशुल बेगम उर्फ सुमन भी किराएदार थी।
परिजनों के मुताबिक, दोनों महिलाओं के बीच छत पर कपड़े सुखाने को लेकर पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी।
नोकझोंक बढ़ी, फिर हुआ हादसा
शनिवार दोपहर करीब एक बजे ज्योति छत पर कपड़े सुखाने गई थी। इसी दौरान समशुल बेगम भी वहां पहुंच गई और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि बहस इतनी बढ़ गई कि समशुल ने ज्योति को धक्का दे दिया।
बताया जा रहा है कि गिरते समय ज्योति ने खुद को संभालने के लिए समशुल को पकड़ लिया, जिससे दोनों महिलाएं छत से नीचे गिर गईं।
एक की मौके पर मौत, दूसरी अस्पताल में भर्ती
नीचे गिरते ही ज्योति के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, समशुल बेगम भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही शिवपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति की तहरीर पर केस दर्ज
थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मृतका के पति तेज बहादुर की तहरीर पर आरोपी महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और घायल महिला के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मासूम बेटियों का भविष्य चिंता का विषय
घटना के बाद मृतका के घर में मातम पसरा हुआ है। पत्नी का शव देखकर पति तेज बहादुर खुद को संभाल नहीं पा रहे थे। गोद में दो माह की मासूम बच्ची को लिए उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ज्योति स्वभाव से शांत और मिलनसार थी, जबकि समशुल अक्सर उससे उलझा करती थी। छत पर हुआ विवाद शायद इसी पुरानी रंजिश का नतीजा था, जो इस बार जानलेवा साबित हो गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि छोटे-छोटे घरेलू विवाद किस तरह बड़ी और अपूरणीय त्रासदी में बदल सकते हैं।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !