सौरभ शेखर श्रीवास्तव की ब्यूरो रिपोर्ट दरभंगा। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण कार्य को गति देने को लेकर दरभंगा जिलाधिकारी कौशल कुमार रविवार को भी ऑन ड्यूटी नजर आए।

जिलाधिकारी ने रविवार को शहर में चल रहे एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने दोनार चौक से लेकर म्यूजियम गुमटी के समीप तक चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों, अभियंताओं एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्य की गति, स्थल पर उपलब्ध संसाधनों और कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्माण एजेंसी के अभियंताओं एवं संवेदक से कार्य में आ रही संभावित समस्याओं के संबंध में भी जानकारी ली।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने संबंधित अभियंताओं एवं संवेदक को निर्देश दिया कि एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कराया जाए, ताकि आम लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होने देने को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए।

डीएम के रविवार को किए गए इस निरीक्षण से यह स्पष्ट है कि जिले की महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को लेकर जिला प्रशासन गंभीरता से काम कर रहा है। एलिवेटेड कॉरिडोर को दरभंगा शहर की यातायात व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इसके निर्माण से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव कम होने और आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी, कार्यपालक मजिस्ट्रेट मो० सज्जाद, संबंधित अभियंतागण, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !