उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ताजोपुर स्थित बाबू का पूरा मौजा में सोमवार दोपहर उस वक्त मातम पसर गया, जब घर के बाहर धूप सेंक रहे एक ही परिवार के चार लोगों को तेज रफ्तार कार ने बेरहमी से रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में मां और बेटी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने इसे महज हादसा नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश में की गई साजिशन हत्या बताया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार दोपहर गांव का माहौल पूरी तरह सामान्य था। रीता देवी (50), उनकी बेटी गोल्डी राजभर (24), सास मुखिया राजभर (70) और बहन के बेटे शिवम राजभर (25) घर के बाहर बैठकर धूप का आनंद ले रहे थे। तभी गांव निवासी एक युवक की कार अचानक तेज रफ्तार में आई और अनियंत्रित होकर सीधे परिवार के ऊपर चढ़ गई। पल भर में हंसी-खुशी का माहौल चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया।
कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों लोग सड़क पर दूर तक घसीटते चले गए। आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हालात बेहद गंभीर हो चुके थे। खून से लथपथ परिवार को देख हर किसी की आंखें भर आईं। ग्रामीणों की मदद से घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने रीता देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल बेटी गोल्डी राजभर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मां-बेटी की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। परिजन फूट-फूट कर रोने लगे और पूरे गांव में मातम छा गया। घायल मुखिया राजभर और शिवम राजभर का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि कार में सवार एक अन्य युवक ने गांव के ही एक व्यक्ति की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इसके बाद वह भी कार लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही सरायलखंसी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतकों के परिजनों ने इस घटना को दुर्घटना मानने से साफ इनकार किया है। उनका आरोप है कि गांव निवासी राजन ने जानबूझकर कार को घर के सामने मोड़ा और तेज रफ्तार में परिवार को कुचल दिया। परिजनों का कहना है कि यह सब एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया है।
परिजनों ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच वर्षों पुरानी रंजिश चली आ रही है। लड़की से जुड़े एक मामले को लेकर पहले भी कई बार विवाद और कहासुनी हो चुकी थी। इसी दुश्मनी के चलते आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव और बढ़ गया है, जिससे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना न सिर्फ सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी सोचने पर मजबूर करती है कि अगर रंजिश के चलते सड़कों को भी हथियार बना लिया जाए, तो आम लोग कितने असुरक्षित हैं। धूप में बैठे एक परिवार पर यूं मौत का कहर टूट पड़ेगा, किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था।
मऊ की इस दर्दनाक घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। एक मां और बेटी की अर्थी एक साथ उठना, गांव के लिए ऐसा जख्म है जो शायद कभी नहीं भर पाएगा। अब सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है कि क्या पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल पाएगा या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !