गाजियाबाद के अंकुर विहार इलाके में मंगलवार को घरेलू कलह ने ऐसा खौफनाक मोड़ ले लिया, जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। पुताई का काम करने वाले एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की चाकू से हत्या कर दी और बीच-बचाव करने आई बेटी को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी खुद पुलिस को सूचना देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

मामला डीएलएफ एमएम रोड स्थित एक फ्लैट का है, जहां घनश्याम अपनी पत्नी मीनू (50), बेटियों भावना और हिमांशी तथा बेटे दिवांग के साथ रहता था। मंगलवार दोपहर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
बहस के बीच उठाया खौफनाक कदम
प्रारंभिक जांच के अनुसार, घनश्याम को अपनी पत्नी पर शक था, जिसके चलते दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। मंगलवार को भी इसी बात को लेकर घर में तनाव बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में घनश्याम ने रसोई से चाकू उठाया और पत्नी मीनू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से मीनू गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
घर के अंदर मची चीख-पुकार सुनकर छोटी बेटी हिमांशी दौड़कर आई। उसने मां को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। हिमांशी के पेट में गहरा चाकू लगने से वह भी लहूलुहान होकर गिर गई।
खुद पुलिस को फोन, फिर गायब
हैरानी की बात यह रही कि वारदात के तुरंत बाद घनश्याम ने खुद ही पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर घटना की जानकारी दी। लेकिन कॉल करने के कुछ समय बाद उसने मोबाइल बंद कर लिया और मौके से फरार हो गया। इससे पुलिस को शुरुआती जांच में चुनौती का सामना करना पड़ा।
एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय के मुताबिक, दोपहर करीब 3:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी। टीम जब फ्लैट पर पहुंची तो मां-बेटी दोनों खून से लथपथ हालत में मिलीं। पुलिस ने तुरंत दोनों को अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में पत्नी ने तोड़ा दम
दोनों घायलों को पहले 50 सैय्या बेड अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मीनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं हिमांशी की हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उसके पेट में गहरा जख्म है और उसका इलाज जारी है।
वारदात के समय घर में कौन था
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के वक्त बड़ी बेटी भावना अपने काम पर बुराड़ी में मौजूद थी। घर पर केवल हिमांशी और दिवांग ही थे। अचानक हुए हमले से दोनों बच्चे बुरी तरह सहम गए। दिवांग ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
हिमांशी ने बताया पूरा मंजर
घायल हिमांशी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके पिता मां के साथ मारपीट कर रहे थे। उसने जब बीच-बचाव किया तो पिता ने चाकू निकालकर मां पर कई वार किए। हिमांशी ने मां को बचाने के लिए चाकू पकड़ने की कोशिश की, तभी आरोपी ने उसके पेट में भी वार कर दिया।
पुलिस का कहना है कि हिमांशी का बयान जांच में अहम भूमिका निभाएगा। उसके बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पहले भी होते थे झगड़े
पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। हालांकि, किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला इतना गंभीर हो जाएगा। परिवार मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला बताया जा रहा है और कई सालों से गाजियाबाद में रह रहा था।
आरोपी की तलाश तेज
अंकुर विहार पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगा दी हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तारी के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि घटना के पीछे की असली वजह क्या थी।
इस दर्दनाक वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। एक मामूली घरेलू विवाद ने पल भर में एक परिवार को तबाह कर दिया, जिससे स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !