उन्नाव जिले में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। अचलगंज–पुरवा मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर लोन नदी पुल की दीवार से जा टकराई। इस भीषण हादसे में ममेरे भाई सहित तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त तीनों ने हेलमेट नहीं पहना था।

यह हादसा बीघापुर कोतवाली क्षेत्र में अचलगंज–पुरवा मार्ग पर भूलेमऊ गांव के सामने एक खतरनाक मोड़ पर रात करीब 12:15 बजे हुआ। बीघापुर कोतवाली के अढोली गांव निवासी अनुराग (31), जो पेशे से ट्रक चालक थे, बाइक चला रहे थे। उनके साथ बैसनखेड़ा गांव निवासी राहुल (26) पुत्र कालीप्रसाद और पुरवा कोतवाली क्षेत्र के तौरा गांव निवासी सौरभ गौतम (25) पुत्र संतोष कुमार बाइक पर सवार थे। सौरभ जेसीबी चालक था, जबकि राहुल दूध का व्यवसाय करता था।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक किसी काम से अचलगंज की ओर गए थे और लौटते समय अनुराग और राहुल, अपने दोस्त सौरभ को छोड़ने तौरा गांव जा रहे थे। भूलेमऊ गांव के सामने मोड़ पर बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे लोन नदी के पुल की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अनुराग और राहुल को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के दौरान सौरभ गौतम ने भी दम तोड़ दिया। तीनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में मौजूद परिजन बदहवास हो गए।
मृतकों के परिजनों के अनुसार, अनुराग अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था, जबकि राहुल दो भाइयों में बड़ा था। अनुराग की मौत से उनकी मां मुन्नी देवी और राहुल की मौत से मां रेनू का रो-रोकर बुरा हाल है। सौरभ के घर में भी मातम पसरा हुआ है। एक ही हादसे में तीन युवकों की मौत से गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।
बीघापुर कोतवाली प्रभारी अमरनाथ यादव ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बाइक की तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !