हरियाणा के करनाल जिले के नीलोखेड़ी इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर तनाव उस वक्त हिंसा में बदल गया, जब युवती के परिजनों ने युवक के घर पर धावा बोल दिया। आरोप है कि हथियारों से लैस 10 से 11 लोगों ने घर में घुसकर युवक और उसके माता-पिता के साथ बेरहमी से मारपीट की और युवती को जबरन अपने साथ ले गए। पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित युवक अजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह असंध क्षेत्र की एक युवती को लंबे समय से जानता है। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे और आपसी सहमति से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। हालांकि, युवती के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था, जिसको लेकर पहले भी विवाद होता रहा है।
पुलिस से मांगी थी सुरक्षा
अजय के मुताबिक, हालात बिगड़ते देख दोनों ने 31 दिसंबर 2025 को महिला थाने में डीएसपी के सामने पेश होकर अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस सुरक्षा की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को कुछ समय के लिए सेफ हाउस में रखा। बयान दर्ज होने और स्थिति सामान्य बताए जाने के बाद सुरक्षा हटा ली गई।
सुरक्षा हटने के बाद अजय और युवती नीलोखेड़ी में ही किराए के मकान में रहने लगे। अजय का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि अब मामला शांत हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
हथियार लेकर घर में घुसे आरोपी
अजय ने आरोप लगाया कि 15 जनवरी की शाम अचानक युवती पक्ष के करीब 10-11 लोग हथियारों के साथ उनके घर में घुस आए। बिना किसी चेतावनी के उन्होंने हमला कर दिया। अजय और उसके माता-पिता को बेरहमी से पीटा गया। घर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी सहम गए।
आरोप है कि मारपीट के बाद हमलावर युवती को जबरन अपने साथ ले गए। परिवार के लोग चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए।
माता-पिता पर भी हमला
इस हमले में अजय के माता-पिता को भी गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने किसी तरह जान बचाकर पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में है और लगातार सुरक्षा की मांग कर रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
बुटाना थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि अजय की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्राथमिकी में मारपीट, जबरन घर में घुसना, हथियारों से हमला और युवती के अपहरण जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। युवती की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा।
लिव-इन रिश्तों पर फिर उठा सवाल
इस घटना ने एक बार फिर समाज में लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर बढ़ते टकराव और हिंसा को उजागर किया है। जहां एक ओर कानून बालिगों को अपनी मर्जी से जीवनसाथी चुनने का अधिकार देता है, वहीं दूसरी ओर सामाजिक दबाव और पारिवारिक असहमति कई बार जानलेवा रूप ले लेती है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !