उत्तर प्रदेश के सम्भल जिला के असमोली थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां परिवार की कथित बदनामी से नाराज एक भाई ने अपनी ही 19 वर्षीय बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

यह घटना असमोली थाना क्षेत्र के गांव मतावली पट्टी जग्गू की है। मृतका की पहचान रूप जहां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रूप जहां का गांव के ही दूसरे समुदाय के एक युवक से पिछले करीब दो साल से प्रेम संबंध चल रहा था। जब इस रिश्ते की भनक परिवार को लगी तो घरवालों ने उस पर सख्ती बढ़ा दी और उसे समझाने की कोशिशें तेज कर दीं।
परिजनों की नाराजगी के बीच बुधवार को रूप जहां अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई। इस घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। जानकारी के अनुसार, युवती असमोली थाने पहुंची थी, जहां उसने पुलिस को बताया था कि उसे अपने परिवार से जान का खतरा है और वह बालिग होने के कारण अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है।
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद प्रेमी युवक उसे अपने साथ अमरोहा जिले में रहने वाली एक रिश्तेदार के घर ले गया। उधर, युवती के परिजन और गांव के कुछ जिम्मेदार लोग गुरुवार सुबह अमरोहा पहुंचे और काफी समझाने-बुझाने के बाद रूप जहां को अपने साथ वापस घर ले आए। बताया जाता है कि परिजनों ने उसे भरोसा दिया था कि कुछ समय बाद उसकी शादी कर दी जाएगी और वह जहां चाहे वहां रह सकती है।
हालांकि घर लौटने के बाद भी परिवार में तनाव बना रहा। पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब नौ बजे रूप जहां के बड़े भाई जानेआलम ने मौका पाकर चुन्नी से उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उस समय घर के अन्य सदस्य एक रिश्तेदार की शादी में गए हुए थे, जिससे आरोपी को वारदात अंजाम देने का मौका मिल गया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई ने खुद ही पुलिस को फोन कर सूचना दी और अपना अपराध स्वीकार कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी जानेआलम ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बहन को लंबे समय से समझा रहा था, लेकिन वह दूसरे समुदाय के युवक के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी हुई थी। उसके मुताबिक, बहन के इस कदम से परिवार की गांव में बदनामी हो रही थी, जिससे गुस्से में आकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि इस घटना में अगर किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका या साजिश सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर एएसपी और क्षेत्राधिकारी (सीओ) असमोली भी पुलिस बल के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब कॉल डिटेल, परिवार के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
ग्रामीणों के अनुसार, रूप जहां अपने परिवार में तीन भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर थी। गांव में इस घटना के बाद शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में औपचारिक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे गहन पूछताछ जारी है।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर सामाजिक दबाव और कथित सम्मान के नाम पर रिश्तों की इतनी बड़ी कीमत क्यों चुकानी पड़ रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी और दोषियों को कानून के मुताबिक सजा दिलाने की हर संभव कोशिश होगी।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !