उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के कुंदरकी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां टायर कारोबारी मोहम्मद अनीस की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के तुरंत बाद मोहम्मद अरमान नाम के युवक का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने खुद को इस हत्या का जिम्मेदार बताते हुए पुरानी रंजिश का हवाला दिया। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।

तरावीह से लौटते वक्त हुआ हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, कुंदरकी ब्लॉक के पास रहने वाले मोहम्मद अनीस शुक्रवार की शाम रोजा इफ्तार के बाद अपने भाई नफीस और बेटों अहराज, अरशद व अयान के साथ मोहल्ला ताजमहल स्थित मदरसे में तरावीह की नमाज पढ़ने गए थे। रात करीब नौ बजे जब सभी लोग नमाज पढ़कर घर लौट रहे थे और अनीस अपने घर के गेट पर पहुंचे, तभी अचानक एक युवक वहां आया और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमलावर वारदात के बाद मौके से पैदल ही फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी दोनों भाइयों को निशाना बनाना चाहता था, लेकिन नफीस किसी तरह जान बचाकर भाग निकले।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल अनीस को परिजन तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें दिल्ली रोड स्थित साईं अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। कारोबारी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
आरोपी ने वीडियो में किया दावा
घटना के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें मोहम्मद अरमान नाम का युवक हाथ में पिस्टल लिए नजर आ रहा है। वीडियो में उसने कहा कि “मैंने ही उसे गोली मारी है, इसमें किसी और का कोई दोष नहीं है।” उसने दावा किया कि उसने तीन-चार गोलियां चलाईं।
वीडियो में आरोपी ने आरोप लगाया कि ताजमहल इलाके में हुए चुनाव के दौरान अनीस ने उस पर चोरी का आरोप लगाकर उसकी पिटाई करवाई थी और उसके पिता को भी अपमानित किया था। आरोपी के अनुसार, मृतक ने उसे और उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। साथ ही उसने कहा कि उसके परिवार या परिचितों को इस मामले में परेशान न किया जाए।
कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। पुलिस को शुरुआती जांच में चुनावी रंजिश की भी आशंका है। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार का स्थानीय राजनीति से जुड़ाव रहा है। उनके चचेरे भाई की पत्नी मेहजबी वार्ड नंबर 23 से जिला पंचायत सदस्य हैं, जिससे मामला और संवेदनशील माना जा रहा है।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि आरोपी का वीडियो पुलिस के संज्ञान में है और उसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है और परिवार की ओर से लिखित शिकायत का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई तथ्य सामने आ सकते हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना ऐसे समय हुई जब इलाके में रोजेदारों की आवाजाही थी और पुलिस चौकी भी ज्यादा दूर नहीं बताई जा रही। इसके बावजूद हमलावर का बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाना स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।
आरोपी की तलाश तेज
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वायरल वीडियो की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल, मोहम्मद अनीस की हत्या से कुंदरकी और आसपास के इलाकों में दहशत और गुस्से का माहौल है। परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस इस सनसनीखेज वारदात की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !