कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी एवं मेले में किसानों और पशुपालकों के लिए शनिवार का दिन यादगार बन गया। मेले में पंजीकरण कराने वाले प्रतिभागियों के बीच दूसरे दिन आयोजित लकी ड्रा में कई लोगों की किस्मत खुली। इस दौरान पंचकूला के गांव पिंजोर की रीता और पानीपत के गांव अदियाना के ईश्वर ने बुलेट बाइक जीतकर सभी को चौंका दिया। वहीं कुरुक्षेत्र के रतगल निवासी दक्ष के नाम भी मोटरसाइकिल निकली।

दूध उत्पादन से जुड़ी मशीनें भी मिलीं
लकी ड्रॉ में केवल दोपहिया वाहन ही नहीं, बल्कि डेयरी कार्य को आसान बनाने वाली मिल्क मशीनें भी इनाम के रूप में दी गईं। इनमें कुरुक्षेत्र के दयालपुरा की अनु रानी, सुनील कुमार और अंबाला के गांव छपरा के राजेंद्र शामिल रहे, जिनकी खुशी देखते ही बन रही थी।
कई जिलों के पशुपालकों की खुली किस्मत
इसके अलावा मदानी (अन्य उपयोगी इनाम) जीतने वालों में कैथल, पानीपत, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और जींद जिलों के पशुपालक शामिल रहे। लकी ड्रा में इनाम पाने वालों में
कैथल के फतेहपुर निवासी सत्यवान,
पानीपत के जोशी गांव के मांगे राम,
यमुनानगर के काजीवास गांव के श्याम लाल,
कुरुक्षेत्र के बरोट गांव के धर्मपाल,
कैथल के कुतुबपुर गांव के विकास,
जींद के लोचब गांव के संजीव कुमार,
और पानीपत के जोगिंदर शामिल हैं।
बिना बताए पहुंचीं, इनाम लेकर लौटीं
इनाम मिलने के बाद दयालपुरा की अनु रानी ने मुस्कुराते हुए बताया कि वह घर पर बिना किसी को बताए ही पशुधन प्रदर्शनी देखने आई थीं। उन्हें क्या पता था कि यहां आना उनकी किस्मत बदल देगा। उनके इस अनुभव ने मेले में मौजूद अन्य महिलाओं को भी प्रेरित किया।
विजेताओं का सम्मान
सभी विजेताओं को पशुपालन विभाग के महानिदेशक डॉ. प्रेम सिंह ने मौके पर ही सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले किसानों और पशुपालकों को न केवल नई तकनीकों से जोड़ते हैं, बल्कि उन्हें प्रोत्साहन और सम्मान भी देते हैं।
राज्य स्तरीय पशुधन मेले में उमड़ा उत्साह और लकी ड्रा की खुशियां इस बात का प्रमाण हैं कि ऐसे आयोजन ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुपालन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !