जारी निर्देश में लाउडस्पीकर के ध्वनि मानक की कड़ाई से पालन कराने और सोशल मीडिया पर मामले की लगातार निगरानी करने की बात कही गई है।
लखनऊ,ब्यूरो: राज प्रताप सिंह।
कासगंज में सांप्रदायिक हिंसा के बाद उत्तर प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह ने कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश के सभी जिलों के एसएसपी,एसपी के लिए निर्देश जारी किए हैं।निर्देश में साम्प्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए तुरंत और निष्पक्ष कार्रवाई करने को कहा गया है।डीजीपी के निर्देश में यह भी कहा गया है कि किसी भी साम्प्रदायिक तनाव के बाद मामले में दोषियों की अतिशीघ्र पता लगाकर कार्रवाई की जाए।इतना ही नहीं,दो पक्षों के बीच हुए विवाद को दोनों पक्षों में संवाद कराकर समाधान कराएं।अराजक तत्वों के मंसूबों को समय रहते निष्क्रिय करें।इसके लिए इंटेलिजेंस रिपोर्ट, लोकल इंटेलिजेंस यूनिट और जनता से भी सहयोग लिया जाए।। निर्देश में यह भी कहा गया है कि ऐसे तत्वों जिनके भ्रमण आदि से साम्प्रदायिक सद्भाव एवं समरसता पर विपरीत प्रभाव पड़ता हो, उनके सम्बन्ध में निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।हर संवेदनशील स्थल पर सीसीटीवी से निगरानी करें।हर ऐसे मामले पर नजर रखें, जिनके कारण साम्प्रदायिक विद्वेष की स्थिति बन सकती है।प्रकरण की गम्भीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर पहुंचे।दोषी व्यक्तियों के खिलाफ फौरन कार्रवाई हो।जारी निर्देश में यह भी कहा गया है कि जिन स्थानों पर साम्प्रदायिक घटनाएं घटित हुई हैं, वहां अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए।जनपद स्तर पर महत्वपूर्ण अवसरों,जैसे धार्मिक पर्व,रैली, शोभा यात्रा आदि का वार्षिक कलेन्डर रखा जाए और साम्प्रदायिक घटना के बाद जुलूस निकालने की संभावना को देखते हुए उसके रास्तों पर पर्याप्त सुरक्षा दी जाए।जारी निर्देश में लाउडस्पीकर के ध्वनि मानक का कड़ाई से पालन कराने और सोशल मीडिया पर मामले की लगातार निगरानी करने की बात कही गई है।जनपद के थाना प्रभारियों/क्षेत्राधिकारियों/अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा क्षेत्र में भ्रमण कर साम्प्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील एवं मुख्यतः मिश्रित जनसंख्या वाले स्थानों आदि को चिन्हित करते हुए पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !