विदेश में नौकरी के नाम पे ठगी, सगे भाई से ठगे 8 लाख
(लखनऊ-उमेश सैनी:) :खाड़ी देश में नौकरी दिलाने का झांसा दे ट्रेवल एजेंसी संचालक ने सगे भाइयों से आठ लाख रुपए ऐंठ लिए। नौकरी नहीं लगने पर रुपए लौटाने को कहा तो आरोपी उन्हें धमकाने लगे। पीड़ित ने वजीरगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
प्रयागराज सैदाबाद निवासी मो. हलीम परिवार के साथ रहते हें। कुछ दिन पहले उनकी मुलाकात हुसैनी ट्रेवल एजेंसी संचालक नायाब अहमद व आफताब से हुई थी। हलीम को नायाब ने बताया कि वह कई लोगों की विदेश में नौकरी लगवा चुका है। झांसे में फंस कर हलीम ने भाई सलीम व जावेद के लिए बात की। जिस पर आठ लाख रुपए की डिमांड की गई।
हलीम ने 5.50 लाख रुपए बैंक व 2.50 लाख रुपए नकद दिए थे। पर, सलीम व जावेद की नौकरी नहीं लगी। उन्होंने आरोपितों से रुपए लौटाने को कहा तो वह लोग टाल मटोल करने लगे। इंस्पेक्टर वजीरगंज पंकज सिंह ने बताया कि नायाब अहमद व आफताब के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
पढ़ें यह भी खबर
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !