Bihar Intermediate Exam 2026: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 को पूरी तरह नकल-मुक्त, अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जिलों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। समिति ने स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा के दिन समय का पालन अनिवार्य होगा और देर से पहुंचने वाले परीक्षार्थियों किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।

समिति के अनुसार, निर्धारित समय के बाद परीक्षा केंद्र पर पहुंचने वाले छात्रों के लिए कोई छूट नहीं होगी। यदि कोई परीक्षार्थी नियमों की अनदेखी करते हुए जबरन या अवैध तरीके से परीक्षा परिसर में घुसने की कोशिश करता है, तो उसे गंभीर अपराध माना जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
समय पालन अनिवार्य, गेट समय से पहले बंद
BSEB के निर्देशों के मुताबिक, सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी छात्र को, चाहे देरी का कारण कुछ भी हो, अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जबरन प्रवेश पर सख्त कार्रवाई
समिति ने साफ चेतावनी दी है कि गेट बंद होने के बाद दीवार कूदकर, गेट पर जबरदस्ती करके या किसी अन्य अनुचित तरीके से परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने का प्रयास करना नियमों का घोर उल्लंघन और दंडनीय अपराध होगा। ऐसे मामलों को परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना जाएगा।
छात्रों के साथ केंद्र कर्मियों पर भी गाज
यदि कोई परीक्षार्थी जबरन प्रवेश करता हुआ पकड़ा जाता है, तो उसे दो वर्षों के लिए परीक्षा से निष्कासित कर दिया जाएगा और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
इतना ही नहीं, यदि किसी परीक्षा केंद्र पर नियमों के बावजूद ऐसे छात्र को परीक्षा में बैठने दिया गया, तो संबंधित केंद्राधीक्षक और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ भी निलंबन और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अनुशासन और निष्पक्षता पर जोर
BSEB का कहना है कि इन सख्त कदमों का उद्देश्य छात्रों को परेशान करना नहीं, बल्कि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता, अनुशासन और निष्पक्षता सुनिश्चित करना है। समिति ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और नियमों का पूरी तरह पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
बिहार बोर्ड ने यह भी संकेत दिया है कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत किया जाएगा, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि को रोका जा सके
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !