सौरभ शेखर श्रीवास्तव की ब्यूरो रिपोर्ट दरभंगा। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में दरभंगा जिले में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का गहन निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। इस क्रम में मुख्यमंत्री ने दरभंगा शहर के दिल्ली मोड़ स्थित निर्माणाधीन अंतर्राज्यीय/अंतर्राष्ट्रीय बस स्टैंड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि पुनर्विकास कार्य के तहत यहां G+4 कार्यालय भवन, कॉन्कोर्स, प्लेटफॉर्म, रखरखाव डिपो, पार्किंग व फुटपाथ, शौचालय ब्लॉक, 700 किलोलीटर क्षमता का एसटीपी, बाउंड्री व कैंपस विकास तथा आधुनिक प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इस परियोजना को अगले दो वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है।


मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए बताया गया कि कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। इनमें दरभंगा शहर के दोनार चौक के पास आरओबी का निर्माण, शोभन डैम–मकिया पथ निर्माण, शोभन बाइपास से प्रस्तावित एम्स तक फोरलेन पहुंच पथ, शोभन–एकमी पथ का चौड़ीकरण व मजबूतीकरण, दरभंगा–कुशेश्वरस्थान पथ से धबौलिया (कुशेश्वरस्थान फूलतोड़ा घाट पथ) तक बाइपास पथ का निर्माण, मिथिला शोध संस्थान का आधुनिकीकरण एवं संरक्षण कार्य शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त दरभंगा रेलवे स्टेशन से आमस–दरभंगा एक्सप्रेस-वे वाया दोनार चौक व कर्पूरी चौक, कर्पूरी चौक से एकमी चौक वाया लहेरियासराय व लोहिया चौक तक सड़क उन्नयन/एलिवेटेड कॉरिडोर, बाबा कुशेश्वरस्थान का सौंदर्यीकरण एवं विकास, अहिल्यास्थान का विकास व भू-अर्जन, गंगासागर, हराही एवं दिग्घी तालाब के सौंदर्यीकरण तथा एकीकृत विकास कार्य प्रारंभ हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने दरभंगा हवाई अड्डा के पास निर्माणाधीन सिविल एनक्लेव का भी निरीक्षण किया तथा लॉजिस्टिक पार्क एवं कार्गो हब निर्माण हेतु चिन्हित 50 एकड़ भू-खंड का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से आवागमन सुगम होगा और कम समय में लोग दरभंगा पहुंच सकेंगे।
आमस–दरभंगा पथ परियोजना के कैंप कार्यालय के समीप निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना एनएच-02 और एनएच-57 (नया एनएच-27) के बीच सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, जिससे पश्चिम बंगाल, झारखंड एवं उत्तर-पूर्वी राज्यों से संपर्क सुदृढ़ होगा। मुख्यमंत्री ने इसे अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए लक्ष्य के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण पूर्णता के निर्देश दिए, जिससे उद्योग, निवेश, छोटे व्यवसाय, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित नागेंद्र झा स्टेडियम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 23,384 जीविका स्वयं सहायता समूहों एवं उनसे जुड़ी 93,536 जीविका दीदियों को बैंक क्रेडिट लिंकेज के तहत 311 करोड़ 79 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।

साथ ही मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना, मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान, मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के सांकेतिक चेक तथा बैटरी चालित ट्राइसाइकिल की चाबियां लाभुकों को सौंपीं। मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से 138 करोड़ रुपये की लागत से कुल 90 योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया, जिनमें 105 करोड़ रुपये की 50 योजनाओं का शिलान्यास तथा 33 करोड़ रुपये की 40 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।

जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद श्री संजय कुमार झा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, समाज कल्याण मंत्री श्री मदन सहनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक श्री संजय सरावगी, विधायक श्री जिवेश कुमार, विधायक श्री विनय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह,

बीएसआरडीसीएल के प्रबंध निदेशक श्री शीर्षत कपिल अशोक, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, दरभंगा प्रमंडल आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय, डीआईजी श्री मनोज कुमार तिवारी, जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुन्नाथ रेड्डी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !