Breaking News
Home / बिहार / दरभंगा / NEET (UG)-2026 पुनर्परीक्षा को लेकर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

NEET (UG)-2026 पुनर्परीक्षा को लेकर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

डीएम ने NEET (UG)-2026 पुनर्परीक्षा को लेकर की व्यापक ब्रीफिंग, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन के दिए निर्देश

 

दरभंगा। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित होने वाली NEET (UG)-2026 पुनर्परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। इसी क्रम में दरभंगा समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़े सभी केंद्राधीक्षक, स्टेटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET (UG)-2026 की पुनर्परीक्षा दिनांक 21 जून 2026 (रविवार) को एकल पाली में अपराह्न 02:00 बजे से 05:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा जिला मुख्यालय स्थित कुल 16 परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न होगी।

जिलाधिकारी ने परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा में प्रतिनियुक्त सभी अधिकारी एवं कर्मचारी परीक्षा दिवस पर पूर्वाह्न 08:00 बजे तक अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा कार्य में संलग्न कर्मियों के अतिरिक्त किसी भी अन्य व्यक्ति का परीक्षा केंद्र परिसर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सभी केंद्राधीक्षक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे।

Advertisement

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरा, जैमर एवं बायोमेट्रिक सत्यापन प्रणाली पर निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरे लगातार कार्यरत रहें और किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं होने चाहिए। इस संबंध में कार्यपालक सहायकों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक में उपस्थित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पुलिस बल निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल लें। उन्होंने कहा कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष को दी जाए।

जिलाधिकारी ने फ्रिस्किंग (Frisking) की प्रक्रिया को अत्यंत सावधानी एवं गंभीरता से संपन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी अभ्यर्थी अथवा कर्मी द्वारा कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के भीतर नहीं ले जाया जाए। स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया गया कि वे प्रत्येक अभ्यर्थी की बारीकी से जांच सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण करेंगे और प्रत्येक गतिविधि पर नजर बनाए रखेंगे। यदि कहीं भी किसी प्रकार की अनियमितता या समस्या सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान किया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि सभी केंद्राधीक्षक अपने परीक्षा केंद्रों पर नियंत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त वीक्षक, लिपिक, परिचारी एवं अन्य कर्मियों की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करना सुनिश्चित करेंगे। इससे परीक्षा संचालन में पारदर्शिता बनी रहेगी।

परीक्षा संचालन संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रत्येक 24 परीक्षार्थियों पर दो वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सभी केंद्राधीक्षक परीक्षा से एक दिन पूर्व अपने केंद्र पर प्रतिनियुक्त सभी वीक्षकों को NTA द्वारा जारी दिशा-निर्देश पुस्तिका से अवगत कराएंगे, ताकि परीक्षा संचालन के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी वीक्षक परीक्षा कक्ष में पूरी तरह सतर्क एवं चौकन्ने रहें। वे परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तुरंत केंद्राधीक्षक को सूचित करें।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी केंद्राधीक्षक परीक्षा से एक दिन पूर्व परीक्षार्थियों के लिए सीटिंग प्लान तैयार कर लें। साथ ही परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध सीसीटीवी कैमरा, जैमर, बायोमेट्रिक उपकरण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की जांच कर लें तथा किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दूर करें।

अभ्यर्थियों के प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया गया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 01:30 बजे तक प्रवेश की अनुमति होगी। निर्धारित समय के बाद किसी भी परिस्थिति में किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय वैध फोटोयुक्त पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट आदि की मूल प्रति साथ लानी होगी। इसके अतिरिक्त NTA की वेबसाइट से डाउनलोड किया गया प्रवेश पत्र, जिस पर निर्धारित प्रारूप में पोस्टकार्ड आकार का रंगीन फोटो चिपकाया गया हो, साथ लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को दो पासपोर्ट आकार के फोटो तथा एक पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति होगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, एटीएम कार्ड अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित होगा। ऐसे मामलों को कदाचार की श्रेणी में रखा जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में बताया गया कि परीक्षा कक्ष में प्रतिनियुक्त वीक्षक अपराह्न 01:40 बजे से 01:50 बजे तक परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र एवं अन्य दस्तावेजों की जांच करेंगे। सभी उपस्थित अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र के फोटोयुक्त पृष्ठ को संग्रहित किया जाएगा।

Advertisement

परीक्षा समाप्ति से 15 मिनट पूर्व अर्थात अपराह्न 05:00 बजे परीक्षा कक्ष के निकासी द्वार बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा समाप्ति के बाद सभी अभ्यर्थियों की OMR शीट का मिलान एवं संग्रहण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति दी जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा समाप्ति के बाद अभ्यर्थियों को कतारबद्ध तरीके से बाहर निकाला जाए। इसकी समुचित व्यवस्था केंद्राधीक्षक अपने स्तर से सुनिश्चित करेंगे, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा अवधि के दौरान केंद्राधीक्षक को छोड़कर कोई भी वीक्षक अथवा कर्मी अपने पास मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं रखेगा। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए निर्धारित नियमों का अक्षरशः पालन करेंगे।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि वे समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक परीक्षार्थी को निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराना है तथा इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

उक्त ब्रीफिंग बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी एवं परीक्षा संचालन से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Check Also

दरभंगा में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद् एवं राष्ट्रीय बजरंग दल की संगठनात्मक बैठक संपन्न, स्थापना दिवस समारोह और सेवा कार्यों की बनी व्यापक रणनीति

सौरभ शेखर श्रीवास्तव की ब्यूरो रिपोर्ट दरभंगा। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद (अहिप) एवं राष्ट्रीय बजरंग दल …

दरभंगा में भव्य योग कार्यक्रम, योग के साथ जल एवं पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

सौरभ शेखर श्रीवास्तव की ब्यूरो रिपोर्ट दरभंगा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला …

डिग्री कॉलेज संचालन की तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

तारडीह में 1 जुलाई से शुरू होगा डिग्री कॉलेज का संचालन, आधारभूत संरचना एवं सुरक्षा …