दरभंगा। जिले में नशे के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लहेरियासराय थाना पुलिस को शुक्रवार की देर शाम एक बड़ी सफलता हाथ लगी। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने लहेरियासराय थाना क्षेत्र के नाका संख्या-6 स्थित एक मकान से लगभग 25 लाख रुपये नकद राशि तथा नशे के रूप में उपयोग किए जाने वाले कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़ी मात्रा बरामद की है।

इस कार्रवाई के दौरान मकान मालिक गौड़ी शंकर चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े संभावित नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि नाका संख्या-6 स्थित एक मकान में नशीले पदार्थों के कारोबार से संबंधित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं तथा वहां कोडीन युक्त कफ सिरप की खेप रखी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से संबंधित मकान पर पहुंचकर छापेमारी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मकान के अंदर स्थित तीन अलग-अलग कमरों की सघन तलाशी ली। तलाशी के क्रम में पुलिस को 43 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुआ। इसके अलावा कमरे में रखी गई नकद राशि की गिनती करने पर कुल 24 लाख 97 हजार 600 रुपये बरामद किए गए। इतनी बड़ी मात्रा में नकद राशि मिलने के बाद पुलिस ने इसे भी अपने कब्जे में ले लिया और जब्ती सूची तैयार कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद कोडीन युक्त कफ सिरप का उपयोग चिकित्सकीय प्रयोजनों के लिए किया जाता है, लेकिन हाल के वर्षों में इसका दुरुपयोग नशे के रूप में भी बढ़ा है। यही कारण है कि बिना वैध अनुमति अथवा संदिग्ध परिस्थितियों में इसके भंडारण और बिक्री को गंभीरता से लिया जाता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद कफ सिरप कहां से लाया गया था, इसकी आपूर्ति किन लोगों द्वारा की जाती थी और इसे किन क्षेत्रों में पहुंचाया जाना था।

कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी की गई। उन्होंने कहा कि बरामद सामग्री और नकद राशि के संबंध में मकान मालिक से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच अभी जारी है और सभी तथ्यों के सत्यापन के बाद ही विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है और यदि इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार हिरासत में लिए गए गौड़ी शंकर चौधरी द्वारा अपने घर के बाहरी हिस्से में एक चश्मे की दुकान संचालित की जाती है। बताया जाता है कि यह दुकान आम लोगों की नजर में एक सामान्य व्यवसाय के रूप में संचालित होती थी। हालांकि पुलिस अब यह जांच कर रही है कि कहीं इस दुकान या मकान का उपयोग अवैध गतिविधियों की आड़ के रूप में तो नहीं किया जा रहा था। पुलिस इस बात का भी पता लगाने में लगी है कि बरामद नकद राशि का स्रोत क्या है और इसका संबंध किसी अवैध कारोबार से तो नहीं है।
जांच एजेंसियों का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकद राशि और नशीली कफ सिरप की बरामदगी किसी संगठित नेटवर्क की ओर संकेत कर सकती है। इसी कारण पुलिस केवल बरामदगी तक सीमित नहीं रहकर पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है। मोबाइल फोन, बैंकिंग लेनदेन, संपर्क सूत्रों तथा अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस कारोबार में कितने लोग शामिल हैं और इसका संचालन किस स्तर पर किया जा रहा था।
दरभंगा पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति
में पूरा मामला विस्तार से बताया गया कि दिनांक-29.05.26. को समय करीब 17:00 बजे लहेरियासराय थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि नाका नं0-06 मंदिर के पीछे जीरो ऑप्टिकल चश्मा घर के मालिक गौरी शंकर चौधरी पिता स्व० रामचंन्द्र चौधरी सा० नाका नं0-06 रहमगंज थाना लहेरियासराय जिला दरभंगा अपने घर में प्रतिबंधित दवा/ नशीला पदार्थ का बिक्री करते हैं जिससे आसपास के युवक नशे का शिकार हो रहे हैं।
उक्स सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु लहेरियासराय थानाध्यक्ष तथा प्र०पु०अ०नि० पियुष कुमार व सशस्त्र बल के साथ वरीय पदाधिकारी को सूचित करते हुए तथा सहयोग हेतु जिला तकनीकी शाखा प्रभारी, बेंता थानाध्यक्ष, कोतवाली थानाध्यक्ष एवं गश्ती में तैनात परि०पु०अ०नि० भविष्य भूषण कुमार एवं परि०पु०अ०नि० ईशु रानी तथा परि०पु०अ०नि० नितिश कुमार-2 को साथ लेकर नांका नं0-06 रहमगंज के लिए प्रस्थान किया। समय करीब 17:15 बजे नांका नं0-06 रहमगंज स्थित मंदिर के पीछे गौरी शंकर चौधरी, पिता स्व० रामचंन्द्र चौधरी, सा० नाका नं0-06, रहमगंज थाना लहेरियासराय जिला दरभंगा के घर के पास पहुँचकर मिली सूचना से औषधी निरीक्षक-2, दरभंगा को अवगत कराया गया। तत्पश्चात् स्थानीय स्वतंत्र साक्षी के समक्ष तलाशी नियमों का पालन करते हुए उपरोक्त गवाहों की उपस्थिति में ऑडियो/विडियोग्राफी करते हुये संयुक्त छापामारी दल के साथ विधिवत तलाशी लिया गया। तलाशी के क्रम में गौरी शंकर चौधरी के घर के अन्दर टेबल के निचे से प्रतिबंधित दवा एवं नशीला पदार्थ 1.CODINE PHOSPHATE S TRIPROLIDINE HYDROCHIORIDE SYRUP ONEREX BATCH NO-ONTS 2185 MFG DATE APR 2026 EXPIRY DATE-SEP 2027, 100 ML का कुल 43 पीस जिसकी कुल मात्रा 4.3 लीटर

2. 500 रूपया का कुल 3550 नोट कुल 17,75000 रूपया (सतरह लाख पच्चहतर हजार) 3.100 रूपया का कुल-3880 नोट कुल-3,88000 रूपया (तीन लाख अठ्ठासी हजार) रूपया 4. 200 रूपया का कुल-1673 नोट कुल-334600 रूपया (तीन लाख चौतीस हजार छः सौ) रूपया, कुल-24,97,600 रूपया (चौबीस लाख सनतानवे हजार छः सौ) रूपया गौरीशंकर चौधरी के पास से

5. ओप्पो कम्पनी का 02 मोबाईल (प्रदर्श C) 6. घर में लगे CCTV कैमरा का सी०पी० प्लस कम्पनी का एक डी०भी०आर० बरामद हुआ। बरामद प्रतिबंधित दवा / नशीला पदार्थ एवं रूपया के संबंध में गौरीशंकर चौधरी से पूछ-ताछ किये जाने पर बताये कि ये प्रतिबंधित दवा/ नशीला पदार्थ का बिक्री करते है तथा बरामद रूपया उसी प्रतिबंधित / नशीला पदार्थ के बिक्री करने से आया है जो पिछले एक माह से नशीला पदार्थ के बिक्री होने से जमा हुआ है। उनके द्वारा बताया गया कि प्रतिबंधित / नशीला पदार्थ विष्णु पिता नाामलूम सा० ननौर थाना केवटी जिला दरभंगा के द्वारा काला रंग के प्लसर मोटर साईकिल से मेरे घर पर आकर पहुँचाता है। तलाशी के क्रम में बरामद सामानो के सम्बंध में कागजात की माँग करने पर इनके द्वारा किसी प्रकार का कागजात प्रस्तुत नही किया गया। तत्पश्चात बरामद सामानों को विधिवत जप्त कर गौरीशंकर चौधरी पिता स्व० रामचंन्द्र चौधरी सा० नाका नं0-06, रहमगंज थाना लहेरियासराय जिला दरभंगा को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में लहेरियासराय थाना काण्ड संख्या-297/26 दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !