ससुराल में युवक को जमकर धुना, किया लहूलुहान, पाँच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
(लखनऊ-उमेश सैनी): वृंदावन योजना के सेक्टर-1 बी में किराये पर रहने वाले सुरेन्द्र नारायण यादव पर उसके ससुरालीजनों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने सुरेन्द्र को लाठी-डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया। शोर-शराबा होने पर स्थानीय लोग जुटने लगे तो पीड़ित को कार में लादने का प्रयास कर रहे आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाने के साथ एक महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सुरेन्द्र यादव के मुताबिक उसका विवाह ट्रांसपोर्ट नगर के बदालीखेड़ा निवासी नजीब अहमद की बेटी साइमा से हुआ है। सुरेन्द्र का कहना है कि मनमुटाव की वजह से वह दो महीने से ससुराल वालों से अलग पत्नी के साथ वृंदावन योजना में रह रहा है। गुरुवार रात 9 बजे ससुराल पक्ष के इरशाद, मुश्ताक, चांद, मुश्ताक अहमद और मुश्ताक की पत्नी सायरा आये और उसे आवाज लगा कर बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर निकला आरोपियों ने उसे लाठी-डंडे से जमकर मारा और फिर अपहरण का प्रयास करने लगे। लेकिन, लोगों के जुटने पर आरोपी फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पढ़ें यह भी खबर
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !