केजीएमयू में सर्वर ठप होने से मरीज हुए परेशान
– कई मरीजों के पर्चे, बिल जमा होने में हुई दिक्कत
उमेश सैनी
लखनऊ। केजीएमयू में सोमवार को सर्वर में खराबी आ गई। इस वजह से काफी देर तक कामकाज प्रभावित रहा। मरीजों के पर्चे बनने से लेकर बिल जमा होने तक परेशानी झेलनी पड़ी। मरीजों के हल्ला मचाने पर वहां मौजूद कर्मचारियों ने मैनुअल काम शुरू कर दिया। कुछ देर बाद सर्वर में आई तकनीक दिक्कत को दूर कर लिया गया। आईटी सेल के प्रभारी ने बताया कि सोमवार दोपहर को करीब 11:30 बजे सर्वर में तकनीक खराबी आई थी। इसे 15 मिनट में दूर कर लिया गया। इस बीच मरीजों की परेशानी को देखते हुए कर्मचारियों से मैनुअल काम करवाया गया। सेल प्रभारी के मुताबिक 8699 मरीजों का ऑनलाइन पंजीकरण किया गया। जबकि 730 मरीजों का ऑनलाइन भर्ती और डिस्चार्ज किया गया। करीब 57 सौ मरीजों से ऑनलाइन शुल्क जमा किया गया। महज 30 मरीजों की मैनुअल रसीद काटी गईं।