पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें पैदल चल रहे एक युवक की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर आगजनी करते हुए जमकर हंगामा किया। घटना विशंभरपुर पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है, जहां तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक युवक को कुचलते हुए फरार हो गया।

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान पतसा गांव निवासी अशोक ठाकुर के 30 वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार के रूप में हुई है। अविनाश मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और दो छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल पसरा हुआ है।
परिजनों के अनुसार, अविनाश रविवार की शाम अपने घर से पैदल विशंभरपुर बाजार जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक के चाचा संजय कुमार ने आरोप लगाया कि सड़क पर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद ट्रक चालक बिना किसी डर के वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने बिहटा–शिवाला मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और सड़क पर आगजनी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी ट्रक चालक की तत्काल गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।
सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लोगों का आक्रोश कम नहीं हुआ। हालात को संभालने के लिए थानाध्यक्ष अमित कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार ट्रक की पहचान कर उसे जल्द पकड़ लिया जाएगा।
थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने पीड़ित परिवार को हरसंभव कानूनी सहायता देने का भरोसा भी दिया है।
फिलहाल पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई और सड़क पर यातायात बहाल कराया गया। हालांकि, इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !