
लखनऊ,ब्यूरो:राज प्रताप सिंह : बीकेटी में कठवारा के पास हुई थी घटना, पीड़िता अस्पताल से लौटी तो उसने पहचान की एक आरोपी घटना के दिन ही पकड़ लिया गया था।
बीकेटी। तीन सप्ताह पहले एक लड़की के साथ गैंगरेप का आरोपी पीड़िता के पिता के ठेले के पास ही मूंगफली बेचता रहा और किसी को भनक तक नहीं लगी। पिता इस आरोपी को पहचानता ही नहीं था। सोमवार को पीड़िता घर से दुकान तक आयी तो उसे यह आरोपी मूंगफली बेचता मिला। इसके बाद ही उसने अपने पिता को पूरी बात बतायी और ग्रामीणों की मदद से यह आरोपी पकड़ लिया गया। बीकेटी में आठ अक्तूबर को दो युवकों ने एक युवती के साथ दुराचार किया था। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कम्प मच गया था। एक आरोपी अनुज सिंह को मौके पर ही पकड़ लिया गया था। दूसरे आरोपी के बारे में पीड़िता कुछ नहीं जानती थी। पुलिस ने भी अनुज से ज्यादा पूछताछ करने की जरूरत नहीं समझी। इसका फायदा ही आरोपी उठाता रहा। पीड़िता ने देखा तो शोर मचाया दूसरे आरोपी को न तो पिता पहचानता था और न ही उसका नाम किसी को पता था। इस वजह से पिता का शक उस पर कभी नहीं गया। पीड़िता कुछ दिन पहले अस्पताल से घर आयी थी। तब से वह बाहर नहीं निकली थी। सोमवार को वह दुकान पर गई तो आरोपी को वहां देख वह हैरान रह गई। पीड़िता ने शोर मचा दिया जिस पर वहां लोग जुट गये। इन लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंची और आरोपी को थाने ले गई। इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह के मुताबिक दूसरे आरोपी की पहचान दिनेश रावत के रूप में हुई है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !