(संजय कुमार मुनचुन) :- बिहार में अगले तीन दिनों तक कोल्ड वेब की चेतावनी जारी की गई है। पांच व छह जनवरी को सबसे ठंडा दिन रहेगा। पारा एक डिग्री तक लुढ़केगा।…बिहार में पश्चिमी विक्षोभ के प्रवेश करने से पांच एवं छह जनवरी को सीमांचल सहित सूबे भर में कोल्ड वेब चलने की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री तक पहुंचने का पूर्वानुमान लगाया गया है।
उत्तरखंड, हिमाचल प्रदेश एवं जम्मू- कश्मीर में हो रही भारी हिमपात के कारण पहाड़ की ओर से चलने वाली बर्फीली हवा से मैदानी इलाकों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। गुरूवार से पारा एक डिग्री और लुढ़केगा।
मौसम सूचना केंद्र पटना से मिली जानकारी के मुताबिक पटना, गया सहित मध्य बिहार के जिलों में बुधवार शाम से कोल्ड वेब चलने की संभावना है। सीमांचल एवं कोसी के जिलों में शुक्रवार से कोल्ड वेब कहर बरपाएगा। अगले पांच दिनों तक सुबह में घना कोहरा छाया रहेगा। दिन में धूप निकलेगी। लेकिन सर्द हवा के थपेड़ों से कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
शाम से कोहरा छाए रहने एवं रात के समय तापमान में गिरावट का पूर्वानुमान लगाया गया है। पांच एवं छह जनवरी को मौसम का सबसे सर्द दिन होने को लेकर चेतावनी भी दी गई है।
मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ एवं पहाड़ की बर्फीली हवा के कारण बिहार के मैदानी इलाकों में भीषण ठंड की संभावना जताते हुए अलर्ट किया है। सुबह में कोहरा छाए रहने के कारण विजीबिलिटी भी कम आंकी गई है। कटिहार सहित कई जिलों में गुरूवार की सुबह दृश्यता 50 मीटर तक आंकी गई है। हलांकि इस दौरान आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है। मौसम वैज्ञानिकों से मिली जानकारी के मुताबिक आठ जनवरी के बाद ही शीतहर से कुछ राहत मिल सकेगी।