डेस्क : अंडरवर्ल्ड डॉन और 1993 मुंबई बम ब्लास्ट का मास्टरमाइंड दाऊद इब्राहिम भारत आने को तैयार है। वापसी के लिए उसने कुछ शर्तें भी रखी हैं जिसे भारत सरकार स्वीकार नहीं कर सकती। मुंबई के ठाणे कोर्ट के बाहर मीडिया से बात करते हुए वकील श्याम केसवानी ने कहा कि दाऊद की मांग है कि उसे सिर्फ मुंबई की आर्थर रोड जेल में रखा जाए क्योंकि वह सबसे सुरक्षित है। 
बता दें कि केसवानी दाऊद के भाई इकबाल इब्राहिम कासकर के वकील हैं। केसवानी ने बताया, दाऊद ने पूर्व मंत्री और वरिष्ठ वकील राम जेठमलानी के माध्यम से कुछ साल पहले भी वापस आने की इच्छा जाहिर की थी लेकिन भारत सरकार ने वापसी की शर्तों को स्वीकार नहीं किया। आर्थर रोड जेल वही जेल है जहां 26/11 हमले में शामिल पाकिस्तानी आतंकी अजमल कसाब को फांसी देने से पहले करीब चार साल तक रखा गया था। 
गौरतलब है कि छह महीने पहले एमएनएस अध्यक्ष राज ठाकरे ने भी कहा था कि दाऊद भारत आना चाहता है। ठाकरे ने दावा किया था कि दाऊद न सिर्फ भारत आने को बेताब है बल्कि समझौते के लिए उसकी मोदी सरकार से बात भी चल रही है। ठाकरे ने यह भी कहा था कि दाऊद बेहद बीमार है और अपनी आखिरी सांस भारत में लेना चाहता है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !