युवती के शोर मचाने पर राहगीरों ने आरोपी को दबोचा
राज प्रताप सिंह,ब्यूरो लखनऊ
लखनऊ।मड़ियांव में इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास मंगलवार रात खरीदारी करके लौट रही युवती से नशे में धुत शोहदे ने छेड़खानी की। युवती के शोर मचाने पर राहगीरों ने शोहदे को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि राम-राम बैंक चौकी के दरोगा ने उसे लोकलाज की दुहाई देकर मामला रफादफा कर दिया।
सचिवालय कर्मी की बेटी इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास मार्केट में खरीदारी करने आई थी। रात करीब 10 बजे वह पेट्रोल पम्प के पास सवारी वाहन के इंतजार में खड़ी थी। तभी शराब के नशे में धुत एक शोहदा आया और उससे अभद्रता करने लगा। पहले तो युवती ने उसकी हरकतों को नजरअंदाज किया। इससे शोहदे का दुस्साहस बढ़ गया और उसने युवती का हाथ पकड़ कर छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस पर युवती ने मदद के लिए शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर चौकी के दारोगा सुखदेव सिंह भी पहुंचे और आरोपी को चौकी पर ले गए। आरोप है कि दारोगा ने पीड़िता को लोकलाज की दुहाई देते हुए कहा कि रिपोर्ट लिखाने पर बदनामी होगी। जिसके बाद पीड़िता बिना लिखापढ़ी के घर चली गई।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !