डेस्क : मब्बी ओपी क्षेत्र के बाजार समिति स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के प्रवेश गेट के बाहर पुलिस की वर्दी में खड़े दो उचक्के गल्ला व्यवसायी प्रेम बाबू साह के कर्मी को दो लाख रुपये का चूना लगाकर फरार हो गए। 
उनका कर्मी कपड़े के झोले में दो लाख चालीस हजार रुपये लेकर जमा करने बैंक पहुंचा था। बैक के प्रवेश गेट पर घात लगाए उचक्कों ने झोले की तलाशी लेने के बहाने बड़ी सफाई से उसमें से दो लाख रुपये उड़ा लिए। सूचना मिलने पर सदर थाना व मब्बी ओपी की पुलिस ने वहां पहुंचकर गल्ला व्यवसायी के कर्मी से पूछताछ की। इसके बाद अगल-बगल के थानों को अलर्ट किया गया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक रुपये लेकर बाइक से फरार हुए दोनों उचक्के पुलिस के हाथ नहीं आ सके थे।
बाजार समिति परिसर में स्थित गल्ला की दुकान शिवम ट्रेडर्स के प्रोप्राइटर ने अपने यहां मोटिया का काम करने वाले सुरेश मांझी को राशि लेकर दोपहर करीब 12 बजे बैंक भेजा था। सुरेश की मानें तो बैंक के प्रवेश गेट पर खाकी वर्दी पहनकर दो लोग खड़े थे। उनलोगों ने कहा कि वे पुलिसकर्मी हैं। इतना कहकर वे लोग उसके झोले की तलाशी लेने लगे। तलाशी लेने के बाद वे लोग बाइक पर सवार होकर वहां से चले गए। कैशियर के पास जमा करने के लिए राशि निकालने के लिए झोले में हाथ डालने पर कर्मी स्तब्ध रह गया। राशि निकालकर उसने कैशियर को दी। कैशियर ने बताया कि दी गई राशि केवल चालीस हजार है।
ठगे जाने की बात सामने आने पर मोटिया भागा-भागा दुकान पहुंचा। उसने पूरे मामले की जानकारी गल्ला व्यवसायी को दी। यह सुनकर वे बैंक परिसर पहुंचे। मामले की जानकारी बैंक अधिकारियों को देने के बाद उन्होंने उचक्कों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को मब्बी ओपी में आवेदन दिया है।
आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए मब्बी ओपी अध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि मोटिया स्पष्ट रूप से कुछ बता नहीं पा रहा है। उससे उचक्कों के संबंध में जानकारी ली जा रही है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !