दरभंगा एयरपोर्ट का हुआ शिलान्यास, स्थानीय सांसद कीर्ति झा आजाद ने कार्यक्रम का किया बायकॉट
दरभंगा (विजय सिंहा)–केन्द्र सरकार ने उड़ान योजना के तहत दरभंगा हवाईअड्डे से व्यावसायिक उड़ानों के संचालन के लिए सिविल एन्क्लेव बनाने की प्रक्रिया आज शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु ने दरभंगा हवाई अड्डा पर इसका शिलान्यास किया। इस मौके पर नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा, उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, केन्द्रीय मंत्री रामकृपाल यादव, जेडीयू नेता संजय झा, स्थानीय सांसद कीर्ति आजाद सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। हालांकि इस बीच थोड़ी देर के लिए तब असहज स्थिति बन गई जब सांसद कीर्ति आजाद के समर्थकों ने उन्हें सम्मानित नहीं किए जाने के मुद्दे पर हंगामा किया। इसके बाद आजाद ने कार्यक्रम का बायकॉट कर दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जानकारी दी कि अब पटना एयरपोर्ट का विस्तार हो रहा है। उसका सभी व्यवधान खत्म कर दिया गया है। 121 करोड़ रुपये एयरपोर्ट के लिए बिहार सरकार ने स्वीकृत किए हैं। पूर्णिया एयरपोर्ट में कुछ दिक्कत है वो खत्म किया जा रहा है। नीतीश कुमार ने मांग की कि रांची से पटना के बीच फ्लाइट की संख्या बढ़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि रायपुर और मुम्बई में बड़ी संख्या में मिथिला के लोग रहते हैं। रायपुर के लिए हवाई सेवा शुरू होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दरभंगा से रांची की भी सेवा शुरू करनी चाहिए। नीतीश कुमार ने कहा कि बिहटा एयरपोर्ट के 108 एकड़ जमीन बिहार सरकार ने दे दिया है और बिहटा का काम शुरू किया जाए। इस मौके पर नीतीश कुमार ने केन्द्रीय मंत्री सुरेश प्रभु और जयंत सिन्हा को धन्यवाद देते हुए कहा कि बिहार सरकार की मांग पर केंद्र सरकार ने ये पहल की है। उन्होंने कहा कि जयंत सिन्हा ने बिना मांगे जब विद्यापति के नाम पर करने को कह रहे हैं तो उनको बहुत-बहुत धन्यवाद।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !
