सौरभ शेखर श्रीवास्तव की ब्यूरो रिपोर्ट दरभंगा। दरभंगा जिला के 152वें स्थापना दिवस समारोह को भव्य, सांस्कृतिक और जनसहभागिता के साथ मनाने की व्यापक तैयारी की जा रही है। यह समारोह 31 दिसंबर 2025 एवं 01 जनवरी 2026 को जिलेभर में उल्लास और उत्साह के वातावरण में आयोजित होगा।


स्थापना दिवस के अवसर पर 31 दिसंबर 2025 को अपराह्न 3:30 बजे से 6:30 बजे तक ऑडिटोरियम, लहेरियासराय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों एवं विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा सुगम संगीत, नृत्य, शास्त्रीय वादन सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों का ऑडिशन 24 दिसंबर 2025 को मध्यान्ह 12:00 बजे ऑडिटोरियम, लहेरियासराय में आयोजित किया जाएगा। ऑडिशन में चयनित प्रतिभागी ही मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।

इसी क्रम में 31 दिसंबर 2025 को प्रातः 9:00 बजे से नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें वॉलीबॉल, बैडमिंटन, 1600 मीटर दौड़, जैवलिन थ्रो सहित अन्य खेल शामिल हैं, जिनमें खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग लेंगे।
स्थापना दिवस के अवसर पर 31 दिसंबर 2025 एवं 01 जनवरी 2026 को समाहरणालय परिसर के सभी भवनों को विशेष डेकोरेशन एवं ब्लू लाइट से सुसज्जित किया जाएगा। वहीं ऑडिटोरियम को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा, जो अत्यंत भव्य एवं आकर्षक दृश्य प्रस्तुत करेगा। उत्कृष्ट कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।
01 जनवरी 2026 को संध्या 5:00 बजे समाहरणालय परिसर, दरभंगा में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जो स्थापना दिवस समारोह का एक प्रमुख आकर्षण होगा।

इस अवसर पर बाल विकास परियोजना, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, मत्स्य, ग्रामीण विकास, पीएचईडी, कला-संस्कृति एवं युवा विभाग, जीविका, आपदा प्रबंधन शाखा, अल्पसंख्यक कल्याण सहित विभिन्न विभागों द्वारा ऑडिटोरियम/प्रेक्षागृह परिसर में स्टॉल लगाकर प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इन स्टॉलों के माध्यम से विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
स्थापना दिवस समारोह के तहत जिले के सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई को लेकर कार्यशाला एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी के नेतृत्व में प्रखंड स्तरीय सभी अधिकारियों एवं पर्यवेक्षक कर्मियों द्वारा संपन्न किया जाएगा। साथ ही कार्यालय परिसरों में डेकोरेशन लाइट भी लगाई जाएगी।

इसके अतिरिक्त, दरभंगा जिला के 152वें स्थापना दिवस के अवसर पर एक विशेष स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा, जिसमें जिले के गौरवशाली इतिहास, उपलब्धियों एवं विकास यात्रा को संकलित किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों, कलाकारों, खिलाड़ियों एवं जनप्रतिनिधियों से स्थापना दिवस समारोह में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की गई है, ताकि यह ऐतिहासिक अवसर यादगार एवं सफल बनाया जा सके।

स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !