बिहार के नवादा जिले में साइबर ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। ठगों का यह गिरोह लोगों को “प्रेग्नेंट जॉब” का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा सोशल मीडिया पर ऐसे विज्ञापन चलाए जाते थे, जिनमें दावा किया जाता था कि नि:संतान महिलाओं को गर्भवती करने पर 10 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा। यहां तक कि काम असफल होने पर भी आधी रकम देने का झांसा दिया जाता था।
नवादा पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर गठित SIT ने मामले की जांच की। जांच के बाद हिसुआ थाना क्षेत्र के मनवा गांव निवासी रंजन कुमार को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जा रहा था।
जांच में सामने आया कि आरोपी ऑल इंडिया प्रेग्नेंट जॉब, प्लेबॉय सर्विस, धनी फाइनेंस और CBI सस्ते लोन जैसे फर्जी नामों से फेसबुक और व्हाट्सएप पर विज्ञापन डालते थे। पीड़ितों को भरोसे में लेने के लिए सुंदर महिलाओं की फर्जी तस्वीरें भेजी जाती थीं।
इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस, होटल बुकिंग, मेडिकल खर्च और प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर लगातार पैसे वसूले जाते थे। बदनामी और शर्म के डर से अधिकतर पीड़ित शिकायत दर्ज नहीं कराते थे, जिससे ठग लंबे समय तक सक्रिय रहे।
नवादा साइबर थाना प्रभारी और डीएसपी निशु मल्लिक ने आम जनता से अपील की है कि वे असामान्य, आसान पैसे और अजीब ऑफर वाले विज्ञापनों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाना को दें।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !