पंजाब के मानसा जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियां मातम में बदल दीं। गांव सरदूलेवाला के पास ट्रक और कार की भीषण टक्कर में हरियाणा के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। ट्रक चालक टक्कर के बाद मौके से फरार हो गया।

चंडीगढ़ से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा के सिरसा जिले के रहने वाले अशोक कुमार (60), उनकी पत्नी उषा रानी (59), सास राधा देवी (95) और साली रीतू (53) चंडीगढ़ से एक शादी समारोह में शामिल होकर कार (आर्टिका) से अपने गांव लौट रहे थे। शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे, मानसा के गांव सरदूलेवाला के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर ही चारों की मौत
टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक संदीप सिंह, निवासी गांव फरमाही (हरियाणा), को गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
घायल चालक सिरसा रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक और मृतकों को सिविल अस्पताल सरदूलगढ़ पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने चालक संदीप की हालत नाजुक देखते हुए उसे सिरसा रेफर कर दिया।
ट्रक चालक फरार, मामला दर्ज
थाना सरदूलगढ़ के प्रभारी गणेश्वर कुमार शर्मा ने बताया कि मृतकों के रिश्तेदार विवेक कुमार के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गांव और परिजनों में शोक की लहर है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !