पंजाब के फिरोजपुर जिले से शादी के नाम पर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक की खुशियों पर उस वक्त पानी फिर गया, जब उसकी नई-नवेली दुल्हन रात के अंधेरे का फायदा उठाकर गहने और नकदी लेकर फरार हो गई। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर में सन्नाटा था और दुल्हन के साथ कीमती सामान भी गायब मिला।

यह मामला फिरोजपुर के गुरुहरसहाए क्षेत्र के गांव मोहनके हिठाड़ का है। यहां साजिश के तहत युवक की नकली शादी करवाई गई और शादी के कुछ ही घंटों बाद दुल्हन अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गई। पीड़ित परिवार को जब इस धोखाधड़ी का पता चला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
पीड़ित युवक आकाशदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मोहाली निवासी भूपिंदर सिंह और कुलविंदर सिंह ने पहले उससे संपर्क किया और एक लड़की से शादी कराने का प्रस्ताव रखा। दोनों ने भरोसा दिलाया कि लड़की और उसका परिवार पूरी तरह से सही हैं। इसी भरोसे में आकाशदीप ने हामी भर दी। 8 दिसंबर 2025 को उसकी शादी कोमलप्रीत कौर नाम की युवती से करवा दी गई।
शादी के बाद कोमलप्रीत कौर ससुराल पहुंची और सामान्य व्यवहार करती रही। रात को जब पूरा परिवार सो गया, तभी उसने मौका देखकर घर में रखे छह तोले सोने के जेवरात और करीब 40 हजार रुपये नकद समेटे और चुपचाप घर से निकल गई। बताया जा रहा है कि इस पूरी साजिश में उसके साथ भूपिंदर सिंह और कुलविंदर सिंह भी शामिल थे।
सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो दुल्हन को कमरे में न पाकर पहले उन्हें लगा कि वह कहीं बाहर गई होगी, लेकिन थोड़ी ही देर में अलमारी और संदूक खाली मिलने पर हड़कंप मच गया। तुरंत आसपास तलाश की गई, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पीड़ित ने थाना गुरुहरसहाए में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने आकाशदीप के बयान के आधार पर आरोपी दुल्हन कोमलप्रीत कौर समेत भूपिंदर सिंह और कुलविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यह सुनियोजित ठगी का मामला है, जिसमें शादी को सिर्फ वारदात को अंजाम देने का जरिया बनाया गया। फिलहाल तीनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के मामलों में लोग जल्दबाजी में रिश्तों पर भरोसा कर लेते हैं, जिसका फायदा ठग गिरोह उठाते हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद और भी खुलासे होने की संभावना है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !