डेस्क : गुप्त सूचना पर एसटीएफ और समस्तीपुर पुलिस ने बंगड़ा थाना क्षेत्र से जिले के टॉप टेन इनामी कुख्यात पप्पू चौधरी को उसके दो सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया. 
उनकी निशानदेही पर पुलिस ने मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के मोरवा राय टोल से अन्य पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इन गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस को भारी मात्रा में हथियार मिले हैं. 
पुलिस ने दो देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, एक मास्केट राइफल, पांच मैगजीन, अर्धनिर्मित राइफल का बट और बैरल, उन्नीस कारतूस, चौदह मोबाइल फोन और सात हजार रुपये नगद भी बरामद किया है. इस मामले में एसपी दीपक रंजन ने बताया कि पप्पू चौधरी 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी है. उसके ऊपर जिले के कई थानों में लूट, हत्या और रंगदारी जैसे 15 से ज्यादा मामले दर्ज हैं.
फन्नू झा हत्याकांड समेत कई जघन्य हत्याकांडों को दिया है अंजाम
पप्पू चौधरी ने भाजपा नेता पूर्व जिला पार्षद वीरेंद्र झा उर्फ फन्नू झा और उसके पुत्र की हत्या की थी. इसके अलावा समस्तीपुर, बेगूसराय और पटना में कई चर्चित हत्याकांड में भी उसका हाथ रहा है. लूट और रंगदारी के दर्जनों मामले राज्य के विभिन्न थानों में दर्ज हैं.
शनिवार को ही पटना एयरपोर्ट से गिरफ्तारी की मीडिया को मिली जानकारी
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को ही एसटीएफ ने इनामी कुख्यात पप्पू चौधरी को पटना एयरपोर्ट परिसर से गिरफ्तार कर लिया था. वह हत्या, लूट, रंगदारी के दर्जनों मामलों में उसकी तलाश थी. हालांकि, देर रात तक एसटीएफ और समस्तीपुर पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की.एसटीएफ को सूचना मिली कि पप्पू चौधरी पटना एयरपोर्ट के पास देखा गया है. उसके पास एके-47 राइफल है. एसटीएफ ने समस्तीपुर पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी कर दी.दोपहर करीब 12 बजे पप्पू अपने एक साथी के साथ एसटीएफ के हत्थे चढ़ गया. तलाशी में एके-47 नहीं मिली. एसटीएफ ने पूछताछ के बाद उसे समस्तीपुर पुलिस के सौंप दिया. समस्तीपुर पुलिस पप्पू को अपने साथ गोपनीय स्थान पर ले गयी. एसटीएफ और समस्तीपुर पुलिस के अधिकारी इस गिरफ्तारी की पुष्टि करने से बचते रहे. पुलिस सूत्रों ने यह दावा भी किया कि 25 हजार के इनामी को एक अन्य साथी के साथ पटना जंक्शन पर ट्रेन से गिरफ्तार किया गया है. वह चंडीगढ़ से आ रहा था.एसटीएफ अज्ञात स्थान पर ले जाकर पूछताछ कर रही है.
पिछले साल बरामद हुई थी एके-47 राइफल
नवंबर, 2017 में एसटीएफ ने समस्तीपुर पुलिस की मदद से मोड़वा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पप्पू चौधरी गिराेह के छह अपराधियों को पकड़ा था. इनके पास से स्वचालित कार्बाइन, एके- 47 राइफल और कई अत्याधुनिक हथियार बरामद हुए थे.
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !