Breaking News
Home / बिहार / दरभंगा / नियोजित शिक्षकों की लंबित प्रोन्नति व स्थानांतरण की मांग को लेकर लहेरियासराय में धरना

नियोजित शिक्षकों की लंबित प्रोन्नति व स्थानांतरण की मांग को लेकर लहेरियासराय में धरना

सौरभ शेखर श्रीवास्तव की ब्यूरो रिपोर्ट दरभंगा। प्रारंभिक नियोजित शिक्षकों की वर्षों से लंबित प्रोन्नति, स्थानांतरण एवं अन्य वैधानिक मांगों को लागू करवाने को लेकर बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ, दरभंगा के बैनर तले राज्यव्यापी आह्वान पर आज लहेरियासराय में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष शम्भू यादव ने की।

 

कड़ाके की ठंड के बावजूद सैकड़ों की संख्या में शिक्षक एकजुट होकर शिक्षा विभाग की गलत नीतियों एवं लापरवाही के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए धरना स्थल पर उपस्थित रहे। धरना को संबोधित करते हुए श्री शम्भू यादव ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने वाले शिक्षक आज अपने वैधानिक अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं, जो व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों से राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देने वाले नियोजित शिक्षक आज भी प्रोन्नति एवं स्थानांतरण जैसे मूल अधिकारों से वंचित हैं। बिहार पंचायत/नगर निकाय प्रारंभिक शिक्षक नियोजन नियमावली 2006 तथा इसके संशोधित नियम 2012 एवं 2020 के कंडिका 15 एवं 16 में स्पष्ट प्रावधान होने के बावजूद
स्नातक ग्रेड में नियमित प्रोन्नति, मध्य विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पद पर प्रोन्नति, 12 वर्ष की सेवा पर कालबद्ध वेतन उन्नयन अब तक लागू नहीं किया गया है, जो शिक्षा विभाग की गंभीर वित्तीय एवं प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है।

 

प्रदेश उपाध्यक्ष शम्भू यादव ने कहा कि दिव्यांग एवं महिला शिक्षकों को अंतर-नियोजन इकाई स्थानांतरण तथा पुरुष शिक्षकों को अंतर-जिला एवं पारस्परिक स्थानांतरण की नीति होते हुए भी उसका क्रियान्वयन नहीं होना शिक्षकों के मानसिक, आर्थिक एवं पारिवारिक शोषण के समान है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि नियमावली के अनुरूप पूर्ण अधिकार मिलने तक शिक्षक संघ का आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।

धरना को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष प्रशांत कुमार झा ने कहा कि नियोजित शिक्षकों ने अब तक जो भी अधिकार पाए हैं, वे संघर्ष के माध्यम से ही प्राप्त हुए हैं। यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने विशिष्ट शिक्षकों के एरियर भुगतान में हो रही देरी पर भी नाराज़गी जताई।

 

जिला प्रधान सचिव कमरे आलम ने विभागीय लापरवाही पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हिन्दी माध्यम विद्यालय शनिवार को तथा उर्दू माध्यम विद्यालय गुरुवार को पूर्व की भांति मध्यांतर तक संचालित किए जाएं। साथ ही जब तक सेवा निरंतरता एवं प्रोन्नति का लाभ नहीं दिया जाएगा, तब तक शिक्षक सक्षमता परीक्षा का बहिष्कार करते रहेंगे।

धरना-प्रदर्शन को शिक्षक संघ बिहार के सौरभ कुमार सिंह, विजय कुमार मंडल एवं संजय कुमार ने भी समर्थन दिया। मौके पर संजीत कुमार राय, एकराम हैदर, चंद्रभान सिंह यादव, अजय कुमार मिश्रा, दिनेश पासवान, रामनंदन मोची, मो. अलाउद्दीन, प्रमोद कुमार शाह, संजय कुमार, लक्ष्मण पासवान, मुकेश कुमार राय, अरुण कुमार राम, मोहम्मद जमशेद, विद्यानंद ठाकुर, मोहम्मद अकबर अली, शारदानंद झा, राजकुमार, मोहम्मद रिजवान, परवेज आलम, शिव कुमार यादव सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।

धरना समाप्ति के उपरांत शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, दरभंगा को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा, जिस पर जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा सकारात्मक आश्वासन दिया गया।

 

Check Also

विदाई समारोह आयोजित :: उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद पटना में संभालेंगे नई जिम्मेदारी; आशीष अमन ने ग्रहण किया प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी दरभंगा का पदभार

सौरभ शेखर श्रीवास्तव की ब्यूरो रिपोर्ट दरभंगा। जिला जनसंपर्क कार्यालय, दरभंगा में एक भावनात्मक एवं …

दरभंगा में सजे ग्लैमर के मंच पर छाए राजेश्वर राणा, VVIP Guest of Honor के रूप में मिला सम्मान

Mr & Miss Mithilanchal Season-03 युवा उद्यमी राजेश्वर राणा बने VVIP Guest of Honor, पाग-अंगवस्त्र …

दरभंगा में तबादला एक्सप्रेस :: 131 सहायक प्रशासी पदाधिकारी एवं लिपिकों का तबादला, डीएम कौशल कुमार ने जारी किया बड़ा आदेश, देखें किसे कहां मिली नई तैनाती पूरी लिस्ट…

तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही कार्यालय में पदस्थापित कर्मियों का प्रशासनिक आधार …