राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शनिवार सुबह मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कड़ाके की ठंड के बीच घना कोहरा छा गया, जिससे कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम हो गई। इसके साथ ही वायु प्रदूषण का स्तर भी चिंताजनक बना हुआ है और हवा ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई है। मौसम और प्रदूषण के इस दोहरे असर से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

सुबह के वक्त दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में कोहरे की मोटी परत देखने को मिली। कई इलाकों में दृश्यता शून्य मीटर के करीब दर्ज की गई, जिससे सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। कोहरे के कारण वाहन चालकों को धीमी गति से चलना पड़ा और कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी। कम दृश्यता का असर रेल और हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। दिल्ली एयरपोर्ट पर कई उड़ानों में देरी हुई, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
मौसम की मार के बीच प्रदूषण ने भी चिंता बढ़ा दी है। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली के मुताबिक, शनिवार सुबह राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 368 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। इसका सीधा असर बुजुर्गों, बच्चों और सांस से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे लोगों पर पड़ रहा है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार पहुंच गया। आनंद विहार में 442, चांदनी चौक में 427, विवेक विहार में 420, जहांगीरपुरी में 416 और आईटीओ में 405 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं अशोक विहार में 385, पंजाबी बाग में 394, रोहिणी में 389 और वजीरपुर में 399 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा अलीपुर में 350, बवाना में 357, बुराड़ी में 360, द्वारका सेक्टर-8 में 407, डीटीयू इलाके में 350, आईजीआई एयरपोर्ट टी3 पर 304, लोधी रोड में 317, मुंडका में 397, नजफगढ़ में 307, नरेला में 347, आरकेपुरम में 374 और सोनिया विहार में 401 एक्यूआई दर्ज किया गया। ये आंकड़े साफ तौर पर दिखाते हैं कि राजधानी की हवा फिलहाल सांस लेने लायक नहीं है।
विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड के मौसम में हवा की गति कम होने और कोहरे के कारण प्रदूषक कण वातावरण में ही फंसे रहते हैं, जिससे प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे सुबह के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, मास्क का इस्तेमाल करें और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतें।
दिल्ली में फिलहाल ठंड, कोहरा और प्रदूषण—तीनों ने मिलकर लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, और आने वाले दिनों में मौसम साफ होने तक राहत की उम्मीद कम ही नजर आ रही है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !