छतरपुर जिले से सामने आए एक सनसनीखेज मामले ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। यहां एक विवाहिता अपने मायके पक्ष के साथ ससुराल पहुंची और जमकर हंगामा किया। आरोप है कि इस दौरान सास-ससुर के साथ मारपीट की गई और शादी में दी गई बाइक को बिना चाबी दूसरी बाइक से बांधकर घसीटते हुए ले जाया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नए चंद्रपुरा इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मण कुशवाहा के बेटे की शादी 4 मार्च 2024 को रोशनी कुशवाहा से हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। विवाह रोशनी के मायके जनकपुर में धूमधाम से संपन्न हुआ था, जिसमें दहेज के तौर पर एक बाइक भी दी गई थी। हालांकि यह रिश्ता महज 10 महीने ही टिक सका।
बताया जा रहा है कि 27 दिसंबर 2024 को रोशनी का अपने सास-ससुर से विवाद हो गया था। आरोप है कि इसके बाद वह अपने पिता के साथ ससुराल से मायके चली गई। इसके करीब एक साल बाद रोशनी अपने पिता और कुछ अन्य लोगों के साथ अचानक ससुराल पहुंची।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि मायके पक्ष ने घर में घुसकर मारपीट की और दहेज में दी गई बाइक को जबरन उठा ले गए। बिना चाबी होने के कारण बाइक को दूसरी बाइक से बांधकर सड़क पर घसीटते हुए ले जाया गया, जिसका वीडियो अब वायरल हो चुका है।
इस मामले में पति का कहना है कि उसने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि उसे अपनी जान का खतरा है। पति का यह भी कहना है कि वह अपनी पत्नी के साथ रहना चाहता है और पत्नी भी उसके साथ रहना चाहती है, लेकिन ससुराल पक्ष लगातार उनके वैवाहिक जीवन में दखल दे रहा है।
फिलहाल पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू करने की बात कही है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद यह मामला पूरे छतरपुर इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !