डेस्क : दरभंगा में आयकर विभाग की टीम ने अललपट्टी स्थित डॉ मनोज कुमार की क्लिनिक पर छापा मारा है। किडनी व मूत्र रोग विशेषज्ञ डा. मनोज कुमार शहर के मशहूर चिकित्सक हैं जिनका स्टोन क्लिनिक वीआईपी रोड अल्लपट्टी में है। आयकर विभाग की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में डॉक्टर की क्लिनिक पर छापा मारा है। डॉ. मनोज के पटना व दरभंगा स्थित क्लीनिक व आवासीय परिसर में आयकर सर्च एंड सीजर के तहत कार्रवाई कर रही है। दो टीम पटना व दो टीम दरभंगा में एक साथ छापेमारी कर रही है। 
चिकित्सक के यहां छापेमारी की खबर फैलने पर शहर में अन्य चिकित्सक एवं व्यवसायियों के बीच हड़कम्प मच गया। समाचार लिखे जाने तक छापेमारी जारी थी। सूत्रों के अनुसार मुजफ्फरपुर के एडीआइ दीपक आनंद के नेतृत्व में टीम सुबह करीब 11 बजे चिकित्सक के प्रतिष्ठान पहुंची। वहीं दूसरी टीम ने उनके आवास पहुंचकर कागजात को खंगालना शुरू किया। चिकित्सक के प्रतिष्ठान के प्रवेश गेट पर पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया। किसी को अंदर जाने की इजाजत नहीं दी जा रही थी।

सूत्रों के अनुसार पटना व मुजफ्फरपुर से आयी टीम में करीब 50-60 सदस्य शामिल हैं। चिकित्सक के बैंक अकाउंट, लॉकर, फिक्सड डिपोजिट आदि की जानकारी ली जा रही है। आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार पूरा ब्योरा जमा करने में टीम को दो-तीन दिनों का समय लग सकता है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !