पटना के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत अथमलगोला थाना क्षेत्र में बख्तियारपुर–मोकामा फोरलेन पर सोमवार देर रात घना कोहरा जानलेवा साबित हुआ। फुलेलपुर गांव के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में पिता और उनकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल बख्तियारपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फोरलेन पर चल रहे एक कंटेनर ट्रक का पिछला टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर रुक गया। इसी दौरान पीछे से आ रही सफेद स्कॉर्पियो ट्रक से टकरा गई। कुछ ही पलों में पीछे से आ रही ब्लैक क्रेटा भी हादसे की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
स्कॉर्पियो में सवार एक परिवार बांका जिले से फरीदाबाद जा रहा था। हादसे में कार की छत पूरी तरह धंस गई, जिससे पिता और बेटी की मौके पर ही जान चली गई। वहीं मां और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी ओर, क्रेटा कार के बाएं हिस्से में भारी क्षति हुई और उसमें सवार दो लोग भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घटना के बाद फोरलेन पर करीब आधे घंटे तक यातायात ठप रहा और लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन में फंसे शव को निकालने के लिए एनएचएआई की मदद से क्रेन मंगाई गई। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद यातायात बहाल किया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बाढ़ भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !