पूर्णिया में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां छह दरिंदों ने एक युवती को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। युवती को जबरन शराब पिलाकर पूरी रात हैवानियत का शिकार बनाया गया।

डगरूआ थाना क्षेत्र की यह घटना तब घटी, जब युवती अपने घर लौट रही थी। रास्ते में चार पहिया वाहन से आए आरोपियों ने उसे जबरन उठाकर बरियार चौक स्थित जया ट्रेडर्स के सुनसान कमरे में कैद कर लिया। वहां सभी छह युवकों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
दरिंदगी के बाद पांच आरोपी फरार हो गए। लेकिन पीड़िता ने साहस का परिचय देते हुए नशे में सो रहे मुख्य आरोपी मोहम्मद जुनैद का मोबाइल उठाया और डायल 112 कर पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला तोड़ा और पीड़िता को गंभीर हालत में मुक्त कराया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता फिलहाल पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती है, जबकि पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !