Breaking News

नालंदा में झोपड़ी में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, मुख्य संचालक फरार

नालंदा जिले में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक गुप्त अवैध हथियार निर्माण केंद्र का खुलासा हुआ है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया, जबकि फैक्ट्री का मुख्य संचालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि इस्लामपुर थाना क्षेत्र के आत्मा मठ गांव में हथियार बनाने की सूचना मिलने के बाद 10 जनवरी को विशेष टीम ने छापेमारी की। झोपड़ी के भीतर अवैध हथियार बनाने का पूरा कारखाना चल रहा था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में उपकरण और अर्द्धनिर्मित हथियार जब्त किए।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में चिकसौरा बाजार निवासी संतोष विश्वकर्मा, मराठी गांव निवासी जय वर्मा और मिर्जापुर निवासी महेन्द्र प्रसाद शामिल हैं। वहीं, झोपड़ी संचालक और आत्मा मठ गांव निवासी विमल राम फरार हो गया है। उसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो देशी कट्टा, तीन बैरल, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, हैंड ब्लोअर, 22 रेती, हेक्सा ब्लेड, हथौड़ा, छेनी, सरसी और हथियार बनाने में प्रयुक्त अन्य उपकरण बरामद किए। इसके अलावा कई मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

डीएसपी-2 हिलसा ऋषिराज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संतोष विश्वकर्मा आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी चिकसौरा और हिलसा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। महेन्द्र प्रसाद के विरुद्ध भी पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने इस्लामपुर थाना में इस पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी ने कहा कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा।

यह छापेमारी न केवल अवैध हथियारों के उत्पादन को रोकने में सफल रही है, बल्कि समाज में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस और एसटीएफ की सतर्कता और तेजी का भी प्रमाण है।

Check Also

दरभंगा में Shrivastava Enterprises का भव्य शुभारंभ

सौरभ शेखर श्रीवास्तव की ब्यूरो रिपोर्ट दरभंगा। शहर के मौलागंज में Shrivastava Enterprises का शुक्रवार …

दरभंगा पुलिस की बालमित्र पहल :: सभी 40 थानों में Child Help Desk/Child Corner, DM कौशल कुमार और SSP जगुनाथ रेड्डी ने महिला थाना में फीता काट कर किया उद्घाटन

सौरभ शेखर श्रीवास्तव की ब्यूरो रिपोर्ट दरभंगा।बच्चों को सुरक्षित, संरक्षित एवं बालमित्रवत वातावरण उपलब्ध कराने …

दरभंगा में ‘मुस्लिम एलीट्स ऑफ वैशाली’ का विमोचन, प्रोफेसर तरज़ी और सैयद महमूद अहमद करीमी को मिला अलहुदा अवार्ड

सौरभ शेखर श्रीवास्तव की ब्यूरो रिपोर्ट दरभंगा। वैशाली के मुस्लिम विद्वानों, साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक …