Breaking News

पुलिस की वर्दी बनी सबसे बड़ा हथियार, CTU कैश ब्रांच से 13.13 लाख की फिल्मी लूट

चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित सीटीयू बस स्टैंड में हुई लूट की वारदात ने पुलिस और प्रशासन दोनों को सकते में डाल दिया है। एक शातिर बदमाश ने पुलिस की वर्दी पहनकर न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था को चकमा दिया, बल्कि महज 15 मिनट में 13 लाख 13 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि जिस जगह यह वारदात हुई, उसके ठीक सामने पुलिस चौकी मौजूद है।

घटना देर रात करीब तीन बजे की है, जब आरोपी पूरी पुलिस वर्दी, जूते और सख्त पुलिसिया अंदाज में सीटीयू की बॉक्स ब्रांच और कैश ब्रांच पहुंचा। उसने खुद को थानेदार बताया और सुरक्षा गार्ड से कहा कि वह कैश ब्रांच की जांच करने आया है। भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने सीटीयू डायरेक्टर प्रद्युम्न सिंह, बॉक्स इंचार्ज और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के नाम भी गिनाए।

पुलिस की वर्दी और बड़े अधिकारियों के नाम सुनकर सुरक्षाकर्मी को कोई शक नहीं हुआ और उसने गेट खोल दिया। अंदर पहुंचते ही आरोपी ने पूरी आत्मविश्वास के साथ कैश ब्रांच की “जांच” शुरू कर दी। इसी दौरान जैसे ही सुरक्षाकर्मी दूसरे कमरे में गया, आरोपी ने उसे उसी कमरे में बंद कर दिया और बाहर से कुंडी लगा दी। दुर्भाग्यवश, सुरक्षाकर्मी का मोबाइल फोन भी बाहर ही रह गया, जिससे वह किसी को सूचना नहीं दे सका।

इसके बाद आरोपी ने अलमारी के पास रखी चाबी से लॉकर खोला और उसमें रखी पूरी 13.13 लाख रुपये की नकदी एक बैग में भर ली। वारदात को अंजाम देकर वह बिना किसी घबराहट के मौके से निकल गया।

सुबह करीब साढ़े चार बजे जब एक महिला कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंची तो उसे सुरक्षाकर्मी बाहर नजर नहीं आया। अंदर जाकर देखने पर वह कमरे में बंद मिला। इसके बाद अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई। सेक्टर-17 थाना प्रभारी रोहित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

जांच के दौरान सामने आया कि कैश ब्रांच के बाहर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, जिससे पुलिस को शुरुआती जांच में परेशानी हुई। हालांकि आसपास के कैमरों में आरोपी कैद हो गया है। फुटेज में आरोपी ग्रे रंग की मंकी कैप पहने, हाथ में बैग और हेलमेट लिए हुए दिखाई दे रहा है। उसके पैरों में लाल रंग के जूते हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को कैश ब्रांच की इतनी सटीक जानकारी कैसे थी। सूत्रों के मुताबिक लॉकर पिछले तीन महीनों से खराब था और उसकी चाबी भी वहीं रखी जाती थी। इस वजह से पुलिस अंदरूनी मिलीभगत की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही।

Check Also

पंजाब में गर्मी का कहर चरम पर: 44.3°C तक पहुंचा पारा, बिजली कटौती ने बढ़ाई मुश्किलें, बारिश से राहत की उम्मीद

चंडीगढ़/बठिंडा/फरीदकोट: पंजाब इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। आसमान से बरसती आग और …

पंजाब में नशे के खिलाफ बड़ा अभियान: पुलिस ने 116 तस्करों को दबोचा, भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त

पंजाब में नशे के खिलाफ जारी जंग के बीच पुलिस ने एक बार फिर व्यापक …

समझौते की कोशिश बनी जानलेवा: अमृतसर में फायरिंग से युवक की मौत, चार लोग जिंदगी की जंग लड़ रहे

पंजाब के अमृतसर शहर में देर रात हुई एक हिंसक घटना ने पूरे इलाके को …