लुधियाना और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात लेकर आने वाला हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब पूरी तरह से तैयार है। वर्षों के इंतजार के बाद आखिरकार उद्घाटन की तारीख तय हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 फरवरी को वर्चुअल माध्यम से एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इस घोषणा के बाद प्रशासनिक और सुरक्षा स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

31 जनवरी तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश
बुधवार को डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम ने एयरपोर्ट परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि 31 जनवरी तक सभी अधूरे कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं, ताकि उद्घाटन में किसी प्रकार की कमी न रहे।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता, एयरपोर्ट सुरक्षा प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और तकनीकी ढांचे की बारीकी से समीक्षा की गई।
AAI की तकनीकी जांच, सुरक्षा पर खास फोकस
दिल्ली से पहुंची एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की टीम ने रनवे, टर्मिनल बिल्डिंग, नेविगेशन सिस्टम और सुरक्षा इंतजामों का गहन परीक्षण किया। एयरपोर्ट के सीईओ जगीर सिंह ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं और उद्घाटन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने की समीक्षा बैठक
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी चंडीगढ़ में एक उच्च स्तरीय बैठक कर एयरपोर्ट उद्घाटन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह परियोजना राज्य की औद्योगिक और आर्थिक प्रगति के लिए बेहद अहम है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
पहली उड़ान से पहुंचेंगे केंद्रीय मंत्री और बड़े नेता
एयरपोर्ट की पहली व्यावसायिक उड़ान के दौरान दिल्ली से कई दिग्गज नेता हलवारा पहुंचेंगे। इनमें
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू,
भाजपा नेता सुनील जाखड़,
अश्वनी शर्मा,
रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू शामिल हैं।
औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार
करीब 162 एकड़ में विकसित यह एयरपोर्ट लुधियाना, मोगा, फिरोजपुर और आसपास के इलाकों के लिए गेमचेंजर साबित होने वाला है। हवाई संपर्क शुरू होने से उद्योग, व्यापार, निर्यात और निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद है। स्थानीय कारोबारियों और उद्योगपतियों में इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !