Breaking News

बिहार :: सीतामढ़ी में सड़क निर्माण कंपनी के मुंशी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

डेस्क : सीतामढ़ी जिले में पांच अज्ञात अपराधियों ने सड़क निर्माण कंपनी के मुंशी को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद सभी अपराधी बाइक पर सवार होकर शिवहर जिले के ताजपुर की ओर भाग निकले। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शव के पास एक पर्चा भी मिला, जिसपर काम बंद करने की बात कही गई है। 

सीतामढ़ी के महिन्दवारा थाना स्थित प्राथमिक विद्यालय कुंडल पासवान टोला के समीप सड़क निर्माण करा रही कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी को सोमवार की शाम बदमाशों ने गोलियों से भून दिया। मुंशी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद दो बाइक पर सवार पांच बदमाश हथियार लहराते हुए शिवहर जिले के ताजपुर की ओर भाग निकले। कंस्ट्रक्शन कंपनी से बदमाशों ने पिछले 28 दिसंबर को प्राक्कलन राशि का दस प्रतिशत रंगदारी मांगी थी। 

घटना की सूचना पर लोगों की भीड़ जुट गयी। एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दिनदहाड़े हुई घटना से लोगों में आक्रोश था। बाद में वरीय पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंच लोगों को शांत कराया। फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर के मीनापुर थाना के बेलाही लच्छी गांव के बंकूल टोला निवासी रामबाबू राय के पुत्र विनोद राय (35) के रूप में की गयी है। वह गांव के ही रामस्वार्थ राय की कंस्ट्रक्शन कंपनी में मुंशी था। उधर, मौत की सूचना मिलते ही मृतक के गांव से काफी संख्या में लोग परिजन के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। वे पुलिस के रवैया के खिलाफ आक्रोश जता रहे थे। 

28 दिसंबर को मांगी थी रंगदारी
इधर, कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक रामस्वार्थ राय ने बताया कि 28 दिसंबर को मोबाइल पर फोन कर प्राक्कलन राशि की 10 प्रतिशत राशि रंगदारी में मांगी गई थी। रंगदारी मांगने वाले ने सरोज राय व राकेश राय का नाम बताया था। अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी थी।

3.35 करोड़ की लागत से बन रही सड़क
महिन्दवारा थाना से कुंडल होते हुए ताजपुर सीमन तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माण कार्य चल रहा है। इसकी प्राक्कलन राशि 3.35 करोड़ रुपये है। हालांकि वर्तमान में काम बंद की बात बतायी गयी। बदमाशों ने इसी प्राक्कलन राशि का 10 प्रतिशत मांगा था। 

घटनास्थल व मृतक के पॉकेट से मिला पर्चा
बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग के बाद घटनास्थल पर पर्चा फेका। वहीं पुलिस ने मृतक के पॉकेट से पर्चा बरामद किया है, जिसपर काम बंद करने की बात कही गई है। साथ ही उस पर्चा पर सरोज राय व राकेश राय का नाम अंकित है। 

सीतामढ़ी एसपी सुजीत कुमार ने बताया कि बदमाशों ने कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी की गोली मारकर हत्या कर दी है।

मामले की छानबीन के लिए मल्टीपल टीम का गठन किया गया है। जल्द से जल्द घटना के उद्भेदन के लिए निर्देशित किया गया है।

Check Also

शिक्षा व्यवस्था में सुधार से रोजगार तक, इन मुद्दों के साथ स्नातक चुनाव लड़ेंगे डॉ. धर्मांश रंजन

सौरभ शेखर श्रीवास्तव की ब्यूरो रिपोर्ट दरभंगा। दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में आगामी चुनाव को …

शराब तस्करी मामलों में जब्त 30 वाहनों की दरभंगा में नीलामी, 29.18 लाख रुपये राजस्व संभावित

सौरभ शेखर श्रीवास्तव की ब्यूरो रिपोर्ट दरभंगा। मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के …

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना :: दरभंगा नगर निगम क्षेत्र में सोलर सेवा सेतु कैम्प का आयोजन, देखें किस तारीख को आपके वार्ड में कैंप

सौरभ शेखर श्रीवास्तव की ब्यूरो रिपोर्ट दरभंगा। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जिले …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *