पंजाब के होशियारपुर जिले में आम आदमी पार्टी से जुड़े एक नेता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह वारदात वीरवार शाम टांडा उड़मुड़ के गांव मियानी में हुई, जहां तीन बाइकों पर सवार अज्ञात हमलावरों ने एक हार्डवेयर दुकान को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
जानकारी के अनुसार, हमलावर सीधे गांव में स्थित सतकरतार हार्डवेयर की दुकान पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस हमले में दुकानदार और आप से जुड़े नेता बलविंदर सिंह सतकरतार (पुत्र अवतार सिंह) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दुकान में मौजूद गांव मटीयाना निवासी लखविंदर सिंह को कंधे में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल लखविंदर सिंह को आनन-फानन में टांडा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बलविंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, लखविंदर सिंह की हालत अब खतरे से बाहर है।
इस नृशंस वारदात से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। लोग सहमे हुए हैं और बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी दविंदर सिंह बाजवा और थाना प्रभारी गुरिंदरजीत सिंह नागरा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत इलाके को सील कर दिया और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
थाना प्रभारी गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर तीन बाइक पर सवार होकर आए थे और उन्होंने 30 बोर की पिस्टल से फायरिंग की। घटनास्थल से सात खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी दविंदर सिंह बाजवा ने कहा कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और हमलावरों के मकसद की जांच में जुटी है। इस घटना ने एक बार फिर राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !
