दरभंगा (विजय सिन्हा) : जिला मुख्यालय स्थित लहेरियासराय के नेहरू स्टेडियम में गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराने के बाद बिहार सरकार के मंत्री और जिला प्रभारी महेश्वर हजारी ने कहा कि नागरिकों के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है। सरकार अपने सात निश्चय के क्रियान्वयन के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर आगे बढ़ रही है। 
उन्होंने कहा कि सुशासन को क्रियान्वित करने में हमारा दरभंगा जिला सदैव अग्रणी रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा, आंगनवाड़ी, सामाजिक सुरक्षा समेत सभी प्रकार के कल्याणकारी एवं विकासात्मक कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में हमारे जिले ने विशिष्ट उपलब्धि हासिल की है। मंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी को आत्म-निर्भर बनाने एवं शिक्षा, कौशल विकास तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए आर्थिक हल युवाओं का बल कार्यक्रम प्रभावकारी तरीके से जिला में चल रहा है।
उन्होंने कहा कि बिहार स्टुडेंड क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 10वीं उत्तीर्ण छात्रों को पालिटेकनिक कोर्स के लिए तथा 12वीं उत्तीर्ण छात्रों को आगे उच्च शिक्षा में अध्ययन करने के लिए अधिकमत 4 लाख तक का शिक्षा ऋण बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम के माध्यम से दिया जाता है। उन्होंने बताया कि अबतक बैंक तथा बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम द्वारा 1551 आवेदकों को 46 करोड़ 53 लाख से अधिक की राशि की स्वीकृति दी गई है।
मंत्री श्री हजारी ने कहा कि हमारी नई पीढ़ी को नया अवसर मिले एवं वह जीवन में निरंतर प्रगति करें, इसके लिए तकनीकी एवं रोजगार-परक शिक्षा की प्रभावकारी व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अवसर बढ़े-आगे पढ़े कार्यक्रम के अंतर्गत जिला अनुमण्डल एवं प्रखण्ड स्तर पर उच्च, व्यावसायिक एवं तकनीकी शिक्षा की समेकित व्यवस्था की जा रही है।
मंत्री ने कहा कि दरभंगा सदर में पूर्व से आईटीआई और एएनएम स्कूल स्थापित है। बेनीपुर एवं बिरौल अनुमण्डल के लिए भी आईटीआई और एएनएम स्कूल की स्वीकृति हो गयी है। बिरौल अनुमण्डल में आईटीआई एवं एएनएम स्कूल का निर्माण कार्य जल्द ही प्रारंभ हो जाएगा। बेनीपुर में एएनएम स्कूल पूर्णता के करीब है। 
इसके अलावे सरकार द्वारा अन्य व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों के स्थापना के लिए भी प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुशासन के कार्यक्रम को क्रियान्वित करते हुए तेजी से बढ़ रहे बिहार के साथ-साथ हमारा दरभंगा जिला कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। हमारी यह गति निरंतर बनी रहे इसके लिए जरूरी है कि हमारे समाज में शांति एवं भाईचारे का माहौल रहे।
श्री हजारी ने कहा कि आज का दिन यह संकल्प लेने का दिन है कि अपनी गंगा-जमुनी तहजीब को अक्षुण्ण बनाए रखेंगे तथा हमेशा आपसी प्रेम भाईचारा तथा सद्भाव को बढ़ावा देंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में दरभंगा जिला व पूरा राज्य तीव्र गति से विकास के पथ पर अग्रसर होगा एवं शीघ्र ही देश के विकसित राज्यों में इसकी गिनती होगी।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !


